सरगुजा
अंबिकापुर, 15 दिसंबर। शासकीय राजमोहिनी देवी कन्या महाविद्यालय, अंबिकापुर द्वारा केशवपुर ग्राम में आयोजित सात दिवसीय एनएसएस विशेष शिविर 3 से 9 दिसम्बर तक विविध गतिविधियों, जागरूकता कार्यक्रमों और प्रेरणादायक बौद्धिक सत्रों के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का प्रत्येक दिन सामाजिक उत्तरदायित्व, स्वच्छता, स्वास्थ्य, संस्कृति और ग्रामीण सहभागिता से ओत-प्रोत रहा।
शिविर के प्रथम दिन उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि डॉ. रिज़वान उल्ला, अपर संचालक, उच्च शिक्षा, सरगुजा संभाग तथा डॉ. एजेन टोप्पो, प्राचार्य, राजमोहिनी देवी कन्या पीजी कॉलेज की गरिमामयी उपस्थिति स्वयंसेवकों के लिए प्रेरणादायक रही। दोनों ही अतिथियों ने स्वयंसेवा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर प्रकाश डाला। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुत नृत्य ने वातावरण में उत्साह भर दिया।
द्वितीय दिवस की सुबह प्रभात फेरी, जुम्बा, योग एवं व्यायाम से हुई। बौद्धिक सत्र में श्री रितेश सैनी, डायरेक्टर स्वच्छ भारत अभियान ने सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट व डीकंपोजि़शन पर विस्तार से जानकारी दी। नगर निगम के श्री पीयूष ने स्वच्छ भारत मिशन की सफलताओं को साझा किया। स्वयंसेवकों ने ग्रामीण बच्चों को खेल सिखाए और सांस्कृतिक कार्यक्रम में बच्चों ने स्वच्छता पर आधारित नाटक, भाषण व नृत्य प्रस्तुत किए।
तीसरे दिन भी प्रभात फेरी और योग के बाद स्वयंसेवकों को ‘माई भारत पोर्टल’ की जानकारी दी गई और उनका पंजीकरण कराया गया। बौद्धिक परिचय में श्री हर्षित मिंज, प्राचार्य आईटीआई लुंड्रा ने तनाव, आत्महत्या दर और एंगर मैनेजमेंट जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावी चर्चा की।
शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम में ग्रामीण बच्चों ने छत्तीसगढ़ी संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां दीं।
चौथे दिन स्वयंसेवकों द्वारा गाँव में एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान चलाया गया। बौद्धिक सत्र में डॉ. सतीश कुशवाहा, काउंसिलर, मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर ने एचआईवी/एड्स की रोकथाम और सुरक्षा संबंधी विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया।
पाँचवें दिन साइबर क्राइम थाना अंबिकापुर के अधिकारी अनुज जायसवाल एवं मिथिलेश पाठक ने साइबर अपराध, उससे बचने के उपाय और मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों पर महत्वपूर्ण जानकारी दी। स्वयंसेवकों ने गांव में जागरूकता रैली भी निकाली।
छठे दिन वन स्टॉप सेंटर की श्रीमती सुमन द्विवेदी एवं उनकी टीम ने घरेलू हिंसा, नशामुक्ति, पॉक्सो एक्ट तथा ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ पर आवश्यक जानकारी दी। प्रमुख अतिथि डॉ. खेमकरण अहिवार, जिला संगठन रा.से.यो., ने स्वयंसेवकों को सही निर्णय और चरित्र निर्माण की सीख दी। विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित डॉ. रिज़वान उल्ला ने स्वयंसेवकों को देश सेवा के लिए प्रेरित किया.समापन दिवस पर स्वयंसेवकों ने ‘डिजिटल इंडिया’ थीम पर पोस्टर तैयार कर पूरे गाँव में जागरूकता अभियान चलाया। ग्रामवासियों को डिजिटल सुविधाओं, ऑनलाइन सेवाओं और तकनीकी साक्षरता की जानकारी दी।सात दिवसीय इस विशेष शिविर ने न सिर्फ स्वयंसेवकों में सेवा, अनुशासन और नेतृत्व की भावना को मजबूत किया, बल्कि केशवपुर ग्राम में स्वास्थ्य, स्वच्छता, डिजिटल साक्षरता और सामाजिक जागरूकता का एक सकारात्मक माहौल भी तैयार किया। महाविद्यालय परिवार, ग्रामवासियों और सभी अतिथियों के सहयोग से यह शिविर अत्यंत सफल रहा।