सरगुजा

अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन के बिश्रामपुर स्टेशन में ठहराव न होने पर आंदोलन की चेतावनी
12-Dec-2025 10:20 PM
अंबिकापुर-दिल्ली ट्रेन के बिश्रामपुर स्टेशन में ठहराव न होने पर आंदोलन की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

सूरजपुर, 12 दिसंबर। सरगुजा संभाग के सबसे पुराने रेलवे स्टेशन बिश्रामपुर में अंबिकापुर-निजामुद्दीन एक्सप्रेस ट्रेन क्रमांक 22407/22408 के ठहराव को लेकर  बिश्रामपुर रेलवे संघर्ष समिति द्वारा कलेक्टर को भी ज्ञापन सौंपा गया है।

 शुक्रवार को रेल संघर्ष समिति बिश्रामपुर ने कलेक्टर को दिए ज्ञापन में उल्लेख किया है कि बिश्रामपुर स्टेशन न केवल ऐतिहासिक महत्व रखता है, बल्कि यह सरगुजा संभाग का एकमात्र गुड्स शेड भी है, जहां प्रतिदिन भारी मात्रा में आवश्यक सामग्रियों की रेकें आती-जाती हैं। यह स्टेशन कभी पूरे संभाग का अंतिम स्टेशन हुआ करता था, जिसके वर्षों बाद अंबिकापुर तक रेल लाइन का विस्तार हुआ। बावजूद इसके बिश्रामपुर स्टेशन को आज भी उचित महत्व नहीं मिल पा रहा है।

 ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र में संचालित कोयला खदानों में कार्यरत देश के विभिन्न राज्यों से आए हजारों कर्मचारी बिश्रामपुर व आसपास में निवासरत हैं। दिल्ली सहित उत्तर भारत, मध्य भारत व अन्य राज्यों के लिए नियमित रेल सेवा की आवश्यकता सबसे अधिक इन्हीं को पड़ती है। अंबिकापुर–निजामुद्दीन एक्सप्रेस सरगुजा को राजधानी दिल्ली से जोडऩे वाली इकलौती सुविधा है, ऐसे में इसका बिश्रामपुर में ठहराव न होना स्थानीय जनता के लिए बड़ी समस्या बना हुआ है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेखित है कि वर्षों से मांग उठाए जाने के बावजूद रेलवे विभाग की उदासीनता के चलते अब तक ठहराव स्वीकृत नहीं किया गया। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि यदि निजामुद्दीन ट्रेन का बिश्रामपुर स्टेशन में जल्द ही ठहराव की मांग पूरी नहीं की गई तो चरणबद्ध तरीके से आंदोलन किया जाएगा।

 ज्ञापन सौंपने वालों में राज्य उपभोक्ता संरक्षण परिषद के सदस्य सुभाष गोयल, रमेश दनौदिया, अधिवक्ता प्रदीप गर्ग, चैम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक अग्रवाल शोक्की, चन्दन सिंह, जतीन तायल, बिश्रामपुर नगर पंचायत अध्यक्ष निर्मला यादव, उपाध्यक्ष दीपेंद्र सिंह चौहान, पूर्व अध्यक्ष राजेश यादव व अन्य उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट