सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,11 दिसंबर। भाजपा मंडल लखनपुर के नेतृत्व में दिन गुरुवार को लखनपुर धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया गया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने केंद्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उपस्थित किसानों से सीधे संवाद स्थापित किया।
निरीक्षण के दौरान जिला अध्यक्ष सिसोदिया ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि किसानों का एक-एक दाना धान सरकार द्वारा खरीदा जाएगा। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की गारंटी है और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साहू जी की सुशासन नीति इसका दृढ़ प्रमाण है। किसानों को किसी भी प्रकार की चिंता या परेशानी की आवश्यकता नहीं है।
उन्होंने यह जानकारी भी दी कि सभी समितियों में भाजपा निगरानी समिति का गठन कर दिया गया है। समिति के सदस्यों द्वारा किसानों को सुविधा, मार्गदर्शन और सही जानकारी प्रदान करने के लिए धान खरीदी केंद्रों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं।
इन हेल्प डेस्कों पर किसानों की शिकायतें एवं समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी,भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश साहू, तथा ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष राजेंद्र जायसवाल ने भी किसानों को संबोधित किया।
अपने उद्बोधन में वक्ताओं ने भाजपा सरकार की किसान हितैषी नीतियों, पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था और प्रशासनिक सहयोग पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम के अंत में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष कामेश्वर रजवाड़े द्वारा आभार व्यक्त किया गया। उन्होंने जिले के भाजपा नेतृत्व को किसानों की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने हेतु धन्यवाद दिया।


