सरगुजा
ग्रामीणों की मांगों पर सहमति, आज प्रशासन संग संयुक्त चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 6 दिसंबर। अमेरा खुली खदान क्षेत्र में हाल में हुई घटनाओं के संदर्भ में ग्राम परसोंडी कला में 6 दिसंबर को बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्रामीण प्रतिनिधि मंडल, जिला भाजपा अध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया, अन्य भाजपा पदाधिकारी तथा एससीईएल अमेरा खदान के जीएम संजय कुमार और प्रबंधन से जुड़े सदस्य शामिल हुए।
बैठक का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों को समझना तथा उनके समाधान के लिए आगे की प्रक्रिया तय करना था। उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने मिलकर ग्रामीणों की मांगों को विस्तारपूर्वक सुना और समाधान हेतु सहमति बनाई।
बैठक में चर्चा किए गए प्रमुख मुद्दों में जमीन के बदले नौकरी देने से संबंधित प्रक्रिया में स्पष्टता और पात्र परिवारों को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। वर्ष 2025 के मुआवजा वितरण को सरल एवं व्यवस्थित करने के लिए नई प्रक्रिया पर चर्चा हुई। विस्थापन से जुड़े बिंदुओं पर खदान प्रबंधन और जनप्रतिनिधियों द्वारा संयुक्त योजना बनाने पर सहमति बनी। हाल में दर्ज मामलों की समीक्षा कर समाधान की दिशा में प्रयास करने पर बात हुई।
रविवार 7 दिसंबर को ग्रामीण प्रतिनिधि मंडल, राजनीतिक पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की संयुक्त बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव रखा गया, जिसे स्वीकार किया गया।
जिला भाजपा अध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और इस प्रक्रिया में जनप्रतिनिधि, खदान प्रबंधन तथा प्रशासन मिलकर काम करेंगे।
एससीईएल अमेरा खदान के जीएम संजय कुमार ने कहा कि खदान प्रबंधन चर्चा में उठाए गए विषयों पर आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रयास करेगा।
बैठक में वरिष्ठ भाजपा नेता हरपाल सिंह भामरा, मधुसूदन शुक्ला, दिनेश गुप्ता, दिनेश साहू, निलेश सिंह, मंडल अध्यक्ष दिनेश बारी, जन्मजय मिश्रा, सुभाष अग्रवाल, सुरेंद्र साहू, कामेश्वर राजवाड़े, महेश्वर राजवाड़े तथा अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
ग्रामीण प्रतिनिधियों में जगत सिंह, राम कुमारी सिंह, भोला राजवाड़े, मोहन राजवाड़े, अनिल राजवाड़े, सुदर्शन मानिकपुरी सहित कई ग्रामीण शामिल हुए।


