सरगुजा
तीन युवकों पर प्रताडऩा के आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 6 दिसंबर। अंबिकापुर नगर के कोतवाली थाना क्षेत्र के बौरीपारा में एक 25 वर्षीय युवक ने शुक्रवार की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले युवक ने एक वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया, जिसमें उसने तीन युवकों पर स्वयं, उसके पिता और भाई के साथ दुव्र्यवहार करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के बौरीपारा निवासी परम तिवारी का शव शनिवार सुबह घर में फांसी पर लटका मिला। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा।
परिजनों ने बताया कि शुक्रवार शाम परम तिवारी जिम गया था। रात लगभग 7 बजे वह अपने एक परिचित के साथ बाहर निकला, जहां एक अन्य युवक भी मिला। तीनों अग्रसेन चौक की ओर बढ़े, जहां कुछ युवकों के साथ उनका विवाद हुआ। बाद में सभी अपने-अपने घर लौट गए।
परिजनों का कहना है कि विवाद के बाद आरोपित बताए जा रहे तीन युवक परम तिवारी के घर भी पहुंचे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि उन युवकों ने परम तिवारी, उसके पिता और उसके भाई से बहस की और धमकी दी।
वीडियो में लगाए गए आरोप
आत्महत्या से पहले रिकॉर्ड किए गए वीडियो में परम तिवारी ने अपनी मृत्यु के लिए महुआपारा निवासी तीन युवकों— छोटू पंडित उर्फ छोटू मिश्रा, बुद्धि पंडित, विक्रांत उर्फ प्रांजल मिश्रा को जिम्मेदार बताया है।
वीडियो में उसने कहा कि अग्रसेन चौक पर विवाद के बाद ये तीनों उसके घर आए थे और उसके परिवार के साथ दुव्र्यवहार किया था।
वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड किया गया था।
पुलिस ने वीडियो और परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विवाद और वीडियो में लगाए गए आरोपों की पुष्टि के लिए पुलिस संबंधित युवकों तथा अन्य गवाहों से पूछताछ कर रही है।


