सरगुजा

शीतलहर की चपेट में सरगुजा, अंबिकापुर में 6 डिग्री एवं मैनपाट में 4 डिग्री पर पहुंचा पारा
27-Nov-2025 8:36 PM
शीतलहर की चपेट में सरगुजा, अंबिकापुर में 6 डिग्री एवं मैनपाट में 4 डिग्री पर पहुंचा पारा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 27 नवंबर। सरगुजा शीतलहर की चपेट में है, अंबिकापुर में 6 डिग्री एवं मैनपाट में 4 डिग्री पर पारा पहुंच गया है, वहीं सडक़ों पर कोहरा छाने से वाहनों के आवाजाही में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

सरगुजा में शीतलहर के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री से भी नीचे पहुंच गया है। पिछले 24 घंटे में अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान करीब 1.5 डिग्री गिरकर 6.0 डिग्री दर्ज किया गया है। वहीं मैनपाट में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के करीब पहुंच गया है। संभाग में सुबह कोहरा छाया रहा। धुंध के कारण विजिब्लिटी 500 मीटर तक रही।

सरगुजा संभाग में नवंबर महीने में रिकार्ड ठंड पड़ रही है। आसमान साफ होते ही फिर से न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है और पाट से लेकर मैदानी इलाकों तक कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

सरगुजा के पाट क्षेत्रों में शीतलहरों के कारण कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मैनपाट में पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री के करीब पहुंच गया है। पाट क्षेत्रों में भी न्यूनतम तापमान करीब 1 डिग्री गिरा है।

मौसम विज्ञानी एएम भ_ ने कहा कि सरगुजा में मौसम में मामूली बदलाव हो सकता है, लेकिन शीतलहरों के कारण कड़ाके की ठंड का असर जारी रहेगा। अंडमान सागर में लो प्रेशर सिस्टम बनने से चक्रवात बनने की संभावना है। इसका असर सरगुजा में बादलों के रूप में दिख सकता है।

शीत लहर प्रबंधन हेतु जिला एवं तहसील स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त

छत्तीसगढ़ शासन राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देशानुसार शीतलहर से बचाव हेतु वर्ष 2025-26 के लिए अधिकारियों को जिला एवं तहसील स्तर पर शीत लहर प्रबंधन हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिसमें डिप्टी कलेक्टर सरगुजा उमा राज को जिला स्तर नोडल अधिकारी, अधीक्षक भू-अभिलेख अम्बिकापुर दीपिका दुबे को जिला स्तर सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

इसी प्रकार तहसीलदार अम्बिकापुर उमेश्वर सिंह बाज को तहसील स्तर अम्बिकापुर नोडल अधिकारी, तहसीलदार उदयपुर विकास जिंदल को तहसील स्तर उदयपुर नोडल अधिकारी, तहसीलदार लुण्ड्रा चित्रलेखा चन्द्रवंशी को तहसील स्तर लुण्ड्रा नोडल अधिकारी, तहसीलदार लखनपुर अंकिता पटेल को तहसील स्तर लखनपुर नोडल अधिकारी, तहसीलदार बतौली गोविन्द कुमार सिन्हा को तहसील स्तर बतौली नोडल अधिकारी, तहसीलदार सीतापुर सुश्री रूपाली मेश्राम को तहसील स्तर सीतापुर नोडल अधिकारी, तहसीलदार मैनपाट ममता रात्रे को तहसील स्तर मैनपाट नोडल अधिकारी एवं तहसीलदार दरिमा अमन चतुर्वेदी को तहसील स्तर दरिमा नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।


अन्य पोस्ट