सरगुजा

गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व, निकला नगर कीर्तन
03-Nov-2025 11:08 PM
गुरु नानक देव जी का 556वां प्रकाश पर्व, निकला नगर कीर्तन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 3 नवंबर। गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सोमवार दोपहर 2.30 बजे से अंबिकापुर शहर में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया।

नगर कीर्तन का शुभारंभ गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा से हुआ, जो गुरु नानक चौक, केदारपुर, घड़ी चौक, देवीगंज रोड, महामाया चौक, सदर रोड और बाबूपारा होते हुए बाबूपारा स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर पिछले पांच दिनों तक प्रभात फेरियां शहर के विभिन्न मार्गों में सुबह 5 बजे से निकाली गई। प्रत्येक प्रभात फेरी का समापन गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा में किया गया। नगरवासियों और समाज के सभी वर्गों ने जगह-जगह पर पुष्पवर्षा कर प्रभात फेरियों एवं नगर कीर्तन का स्वागत किया। पूरा नगर भक्ति, प्रेम और भाईचारे के वातावरण से सराबोर रहा।

आज के नगर कीर्तन में पांच प्यारों के रूप में सरदार नवराज सिंह बरा, गुरसेवक सिंह भामरा, हरमिंदर सिंह भामरा, गुरदीप सिंह बाबरा एवं पवनदीप सिंह छाबड़ा शोभायमान रहे। निशान साहिब की सेवा में जसमीत सिंह चिन्ना और गुरजोत सिंह चावला शामिल रहे।

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार गुरुचरण सिंह छाबड़ा एवं सचिव हर्ष दीप सिंह धनजल ने समाज के सभी वर्गों से अपील की है कि वे 5 नवंबर को आयोजित होने वाले मुख्य धार्मिक कार्यक्रम में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचकर श्री गुरु नानक देव जी के उपदेशों को आत्मसात करें। इस अवसर की समस्त जानकारी मीडिया प्रभारी सरदार जगदीप सिंह छाबड़ा (रिंकू) द्वारा दी गई।

प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सिख समाज द्वारा निकाली गई शोभायात्रा का गुदरी चौक पर सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज,पार्षद विजय सोनी,आलोक दुबे सहित समाज के अन्य लोगों ने पुष्प वर्षा कर स्वागत किया।


अन्य पोस्ट