सरगुजा

सर्व समाज ने एसपी वाय. अक्षय कुमार को दी विदाई
28-Oct-2025 9:58 PM
सर्व समाज ने एसपी  वाय. अक्षय कुमार को दी विदाई

 कोंडागांव में कुशल कानून व्यवस्था के लिए किया सम्मान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

कोण्डागांव, 28 अक्टूबर। पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के सहायक पुलिस महानिरीक्षक (मुख्यालय रायपुर) के रूप में स्थानांतरण पर सर्व समाज कोण्डागांव की ओर से सोमवार को सम्मान एवं विदाई समारोह का आयोजन किया गया। जिले में उनकी कार्यशैली, बेहतर कानून व्यवस्था और पुलिस-जनता के बीच विश्वास बढ़ाने के प्रयासों को लेकर समाजजनों ने प्रशंसा व्यक्त की।

समारोह में उपस्थित सर्व समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि एसपी वाय. अक्षय कुमार के कार्यकाल में जिले में कानून व्यवस्था मजबूत हुई, जनता और पुलिस के बीच दूरी कम हुई तथा आम नागरिक निर्भीक होकर अपनी शिकायतें सीधे पुलिस अधीक्षक तक रख सके।

समारोह में जिले के 63 समाजों के पदाधिकारियों एवं प्रमुख प्रतिनिधियों ने एसपी को स्मृति चिन्ह, साल, श्रीफल एवं बस्तर आर्ट की बेल मेटल मूर्ति भेंट कर सम्मानित किया।

पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार ने सर्व समाज द्वारा दिए गए सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कोण्डागांव में उनका कार्यकाल उनके लिए स्मरणीय रहेगा। उन्होंने बताया कि जिस दिन उन्होंने पदभार ग्रहण किया, उसी दिन उनके पुत्र का जन्म हुआ, जो उनके लिए विशेष यादगार क्षण है।

उन्होंने कहा कि पदस्थापना के बाद उनकी प्राथमिकता जिले में शांति, सद्भावना और सामुदायिक सहभागिता को बढ़ाना रही। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में उन्होंने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में लगभग चार हजार लोगों से मिलकर उनकी समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्थानांतरण एक नियमित प्रक्रिया है और लोकसेवक के रूप में उसे स्वीकार करना होता है।

एसपी ने नागरिकों से शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की एवं सर्व समाज के प्रति सहयोग और स्नेह के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में सर्व समाज के जिला अध्यक्ष धंसराज टंडन, उपाध्यक्ष बंगाराम सोढ़ी, संरक्षक आर.के. जैन, डी.एस. साहू, एम.डी. बघेल, विक्टर डेनियल, लखमूराम टंडन, सी.एल. मेश्राम, श्रीनिवास नायडू, यतेन्द्र सलाम, मनमोहन नाग, आर.के. बंजारे, रमाकांत महाजन, पी.एल. ठावरे, विरेंद्र नेताम, जितेंद्र सुराना, तरुण नाग, बीरेन्द्र बघेल, रूपसिंह सलाम सहित विभिन्न समाजों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन धंसराज टंडन, जिला अध्यक्ष सर्व समाज द्वारा किया गया।


अन्य पोस्ट