सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,12 अक्टूबर। संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान विषय पर विस्तारपूर्वक अपने विचार व्यक्त किए, वहीं भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष रामजी गर्ग ने स्वागत उद्बोधन दिया।
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता की दिशा में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि जीएसटी सुधार, कर सरलीकरण और आयकर दरों में ऐतिहासिक छूट जैसे निर्णयों से भारत एक विकसित अर्थव्यवस्था की ओर अग्रसर है।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में प्रधानमंत्री ने ‘आत्मनिर्भर भारत’ का मंत्र देकर संकट को अवसर में बदला, और आज वही विचार ‘विकसित भारत’ की नींव बन चुका है। यह अभियान केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि देशभक्ति की अभिव्यक्ति है।
स्वास्थ्य मंत्री जायसवाल ने बताया कि यह अभियान 25 सितंबर (पं. दीनदयाल उपाध्याय जयंती) से शुरू होकर 25 दिसंबर (भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जयंती) तक चलेगा। इसके तहत ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ की भावना से आत्मनिर्भर भारत संकल्प सम्मेलन और रथ यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में भारत ने रक्षा, अंतरिक्ष, वैक्सीन निर्माण और स्टार्टअप्स के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2014-15 में जहां भारत का रक्षा निर्यात 1,941 करोड़ था, वहीं 2024-25 में यह बढक़र 23,622 करोड़ रुपये हो गया है। आज भारत विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है, जिसने लाखों युवाओं को रोजगार दिया है।
छत्तीसगढ़ की भूमिका पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि राज्य में स्थानीय उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोडऩे की दिशा में कार्य हो रहा है। बस्तर की लोक कला, चांपा का कोसा, जशपुर की कॉफी और महिला स्व-सहायता समूहों के हर्बल उत्पाद आत्मनिर्भरता के प्रतीक बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर भारतीय गर्व से कहे मैं स्वदेशी खरीदता हूँ, मैं स्वदेशी बेचता हूँ, यही आत्मनिर्भर भारत का मूल संदेश है।
जायसवाल ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ का जीएसडीपी पाँच वर्षों में दुगना कर 10 लाख करोड़ रुपये तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है,जो प्रधानमंत्री मोदी के निर्णायक नेतृत्व में संभव होगा। उन्होंने त्योहारों के अवसर पर नागरिकों से आह्वान किया कि स्वदेशी वस्तुओं को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहयोग दें।
कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन देते हुए भाजपा प्रदेश कोषाध्यक्ष रामजी गर्ग ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान प्रधानमंत्री मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का राष्ट्रीय प्रयास है। छत्तीसगढ़ इस दिशा में अग्रणी भूमिका निभा रहा है और हमारे कार्यकर्ता इसे जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं।
प्रेसवार्ता में महापौर मंजूषा भगत,जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह,कार्यक्रम संभागीय प्रभारी हरपाल सिंह भामरा की विशेष मौजूदगी में पूर्व जिला अध्यक्ष कोरिया कृष्ण बिहारी जायसवाल,जिला महामंत्री विनोद हर्ष और अरुणा सिंह, उपाध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला और विकास पांडेय, कोषाध्यक्ष निश्चल प्रताप सिंह, संवाद प्रमुख रूपेश दुबे, प्रवक्ता अजय सिंह बबलू, अंकित जायसवाल, अनिल जायसवाल, मनोज कंसारी, विकास वर्मा, जतीन परमार, धनंजय मिश्रा, रवि जायसवाल, संजीव वर्मा, अभिषेक सिंह देव, अजय सोनी, निरंजन रॉय सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं पत्रकार साथी उपस्थित रहे।


