सरगुजा
बरसात के बाद भी मैदान में डटे रहे लोग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 अक्टूबर। अंबिकापुर नगर में विजयादशमी पर्व धूमधाम से मनाया गया। बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक विजयादशमी के अवसर पर शहर में राम मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा नगर भ्रमण के बाद पीजी कॉलेज मैदान पहुंची, जहां विधि विधान से पूजा अर्चना के बाद रावण का दहन किया गया। खास बात रही कि रावण दहन के दौरान जमकर बारिश हुई। मुसलाधार बारिश के बीच 85 फीट के रावण, 60-60 फीट के कुम्भकर्ण मेघनाथ के पुतले का दहन हुआ। इस दौरान इलेक्ट्रॉनिक आतिशबाजी लोगों के आकर्षण का केंद्र रही।
ज्ञात हो कि विजया दशमी महोत्सव को लेकर सरगुजा सेवा समिति, नागरिक सेवा समिति और जिला प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से बड़े पैमाने पर तैयारियां की जा रही थी। संयुक्त समिति के तत्वावधान में राम चरित मानस गायन व शैला एवं सुगा नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था, जिसमें संभाग भर से कलाकारों ने प्रस्तुति दी थी। वहीं समिति द्वारा पीजी कॉलेज मैदान में एक माह से रावण, कुम्भकर्ण और मेघनाथ के पुतले का निर्माण कराया जा रहा था।
गुरुवार को दशहरा त्यौहार को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। जिलेभर से हजारों की संख्या में लोग शहर में पहुंचे थे। दोपहर बाद शहर में समिति व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में भगवान राम, लक्ष्मण, हनुमान व माता सीता की झांकियों के साथ राम मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सदर रोड, महामाया चौक, देवीगंज रोड, अम्बेडकर चौक होते हुए देर शाम पीजी कॉलेज मैदान में पहुंची थी। गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा का जगह जगह फूलों की वर्षा कर स्वागत किया गया।
पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित कार्यक्रम को देखने के लिए अपार जनसैलाब पहुंचा था। मंच पर जैसे ही भगवान राम, लक्ष्मण व हनुमान बने बच्चों को लाया गया पूरा मैदान जय श्री राम के नारे से गूंज उठा। समारोह में अतिथियों द्वारा श्री राम का राजतिलक किया गया। इस दौरान कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुति जारी रही।
इस बीच संभाग स्तरीय रामचरित मानस गायन व लोक नृत्य के विजेता प्रतिभागियों के नामों की घोषणा करने के साथ ही अतिथियों द्वारा उन्हें पुरस्कृत किया गया।
दहशरा उत्सव के दौरान देर शाम मूसलाधार बारिश हुई।
बारिश शुरू होते ही पीजी कॉलेज मैदान में लोग पानी से बचने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए, जबकि बड़ी संख्या में लोगों ने प्लास्टिक की कुर्सी को सिर के ऊपर रखकर भीगने से बचाया।
बारिश के कारण थोड़ी देर के लिए कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न हुआ, लेकिन इसके बाद भी बड़ी संख्या में लोग मैदान में डटे रहे। बारिश के बीच ही जमकर आतिशबाजी की गई और फिर रावण का दहन किया गया। रावण दहन के बाद लोगों ने प्रभु श्री राम का जयकारा लगाकर एक दूसरे को विजयादशमी महोत्सव की बधाई दी।
