सरगुजा

चंद्रयान से मंगलयान तक की यात्रा पर विद्यार्थियों ने रखे विचार
25-Aug-2025 8:31 PM
चंद्रयान से मंगलयान तक की यात्रा पर विद्यार्थियों ने रखे विचार

 केआर टेक्निकल कॉलेज में मना राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 25 अगस्त। केआर टेक्निकल कॉलेज में नेशनल स्पेस डे के अवसर पर फिजिक्स विभाग द्वारा गणित एवं विज्ञान क्लब के सहयोग से व्याख्यान माला एवं क्विज़ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।

 महाविद्यालय की डायरेक्टर डॉ. रीनू जैन और प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्रों में विज्ञान एवं अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित करते हैं, उनके ज्ञान को नई दिशा प्रदान करते हैं और उन्हें भविष्य के वैज्ञानिक बनने की प्रेरणा देते हैं।

कार्यक्रम का संचालन फिजिक्स विभागाध्यक्ष सुश्री एकता सिंह ने किया। उन्होंने स्वागत भाषण में नेशनल स्पेस डे के महत्व और भारत की अंतरिक्ष विज्ञान में उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए चंद्रयान और मंगलयान जैसे अभियानों की सफलता को रेखांकित किया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। शैली मिंज (बीएससी गणित, तृतीय सेमेस्टर) ने चंद्रयान-1 से चंद्रयान-3 तक की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

मुस्कान कन्नौजिया ने आर्यभट्ट से लेकर मंगलयान तक की ऐतिहासिक यात्रा का वर्णन किया। वीरेंद्र ने भारत की आत्मनिर्भरता पर जोर देते हुए डॉ. विक्रम साराभाई के योगदान का उल्लेख किया। साक्षी ने कवितामय शैली में भारत रत्न डॉ. ए. पी. जे. अब्दुल कलाम के जीवन पर प्रेरक प्रस्तुति दी, जबकि कृष्णा ने इसरो के रिसॉर्स उपग्रहों एवं वैज्ञानिकों की अहम भूमिका पर विचार रखे। तरुण कुमार ने रॉकेट विज्ञान के सिद्धांतों को सरल शब्दों में समझाया।

कार्यक्रम में चंद्रयान-3 की डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई, जिसे छात्रों ने अत्यंत रुचि से देखा। क्विज़ प्रतियोगिता का संचालन गणित विभागाध्यक्ष नीतीश साहू एवं सहायक प्राध्यापक विषेक साहू ने किया। छात्रों ने इसमें बढ़-चढक़र हिस्सा लिया और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़े रोचक प्रश्नों का उत्तर देकर अपनी ज्ञानवृद्धि की। यह आयोजन छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायी सिद्ध हुआ, जिसने उन्हें विज्ञान और अंतरिक्ष अनुसंधान के क्षेत्र में नई संभावनाओं की ओर अग्रसर किया।


अन्य पोस्ट