सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,16 अगस्त। स्वतंत्रता की 79वीं वर्षगांठ पर जिला कांग्रेस कमेटी, सरगुजा के कार्यालय राजीव भवन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सहप्रभारी जरिता लैतफलांग के द्वारा ध्वजारोहण किया गया।
कांग्रेस पार्टी में ध्वजारोहण से संबंधित सभी परंपराओं को निभाने का दायित्व कांग्रेस सेवादल को है। इन परम्पराओं का पालन करते हुए कांग्रेस सेवादल शहर के जिलाध्यक्ष लोकेश कुमार और महिला सेवादल की जिलाध्यक्ष शहर प्रीति सिंह ने सेवादल के कार्यकर्ताओं के साथ ध्वजारोहण की तैयारियों को अंतिम रूप दिया था। मुख्य अतिथि जरीता लैतफलांग के द्वारा ध्वजारोहण के उपरांत कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज के द्वारा पार्टी कार्यकर्ताओं के नाम भेजे गए संदेश का वाचन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने किया।
अपने संदेश में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने कहा है कि स्वतंत्रता के उपरांत नेहरु जी के नेतृत्व में कांग्रेस ने देश को स्वावलंबी और इसके प्रजातांत्रिक बनाने में अहम भूमिका निभाई थी, जिस पर विगत 11 वर्ष से केंद्र की भाजपा सरकार ने गंभीर आघात पहुँचाया है।
अपने संदेश में उन्होंने कहा है कि भाजपा चुनाव आयोग के माध्यम से वोट चोरी कर सत्ता पर काबिज हो रही है जो कि मतदाताओं के मताधिकार और सरकार चुनने के निर्णय को खारिज कर रहा है। प्रदेशाध्यक्ष ने राज्य में मौजूद भाजपा सरकार को सभी मोर्चे पर फेल बताया है।


