सरगुजा

कर्ज की रकम को खर्च करने पर विवाद, बड़े भाई की हत्या, गिरफ्तार
29-Jul-2025 10:02 PM
कर्ज की रकम को खर्च करने पर विवाद, बड़े भाई की हत्या, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 29 जुलाई। सरगुजा जिला के दरिमा थाना क्षेत्र के पाकजाम गांव में खेती के लिए बड़े भाई द्वारा लिए गए 10 हजार रुपए का बैंक कर्ज की रकम को खर्च करने को लेकर छोटे भाई से विवाद हो गया। विवाद के बीच छोटे भाई ने बीती रात बड़े भाई पर जलती हुई लकड़ी से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल बड़े भाई को रात को अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, पाकजाम निवासी नईहर साय ने कुछ दिन पहले खेती के काम के लिए बैंक से 10 हजार रुपए का केसीसी लोन लिया था। इस राशि को उसने अपने सबसे छोटे भाई संजय साय को दे दिया था। उनके तीन भाइयों में नईहर साय सबसे बड़ा और संजय सबसे छोटा है। रोपाई का काम सोमवार को खत्म हो गया था।

 नईहर साय ने बीती रात करीब 10 बजे खाना खाने के दौरान संजय साय से 10 हजार रुपए के खर्च का हिसाब मांगा। इसे लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हो गया। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि नौबत मारपीट तक आ गई। विवाद से गुस्साए संजय ने जलती हुई लकड़ी से बड़े भाई नईहर के सिर के पिछले हिस्से पर वार कर दिया और भाग निकला।

लकड़ी के वार से नईहर बेहोश होकर गिर गया। परिजनों ने उसके चेहरे पर पानी डाला और उसे उठाने की कोशिश की। काफी कोशिश के बाद भी नईहर नहीं उठा तो परिजन देर रात करीब 3 बजे उसे लेकर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचे। इलाज शुरू करने के साथ ही नईहर साय की मौत हो गई।

मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में मंगलवार को नईहर साय के शव का पोस्टमॉर्टम किया गया और शव को परिजनों को सौंप दिया गया।

प्राइमरी ओपिनियन में डॉक्टर ने ब्रेन हेमरेज से नईहर साय की मौत होना बताया। दरिमा पुलिस ने मामले में संजय के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज कर लिया है। दरिमा पुलिस आरोपी संजय साय को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है।


अन्य पोस्ट