सरगुजा

बदली परिस्थितियां हमारे पक्ष में है, लेकिन तैयारियों में खुद को झोंकना होगा- सिंहदेव
25-Jul-2025 5:50 PM
बदली परिस्थितियां हमारे पक्ष में है, लेकिन तैयारियों में खुद को झोंकना होगा- सिंहदेव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 24 जुलाई। वर्ष 2025 में आखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन सृजन अभियान और उदयपुर शिविर के संकल्प के अनुसार सरगुजा जिला कांग्रेस कमेटी ने 31 जुलाई तक सरगुजा के सभी 61 मंडलों में उनकी कमेटियों का गठन कर लेगी। अम्बिकापुर शहर, ग्रामीण एवं दरिमा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के मंडल अध्यक्षों की संयुक्त बैठक में यह बात आज सरगुजा जिले हेतु प्रदेश कांग्रेस कमेटी से नियुक्त प्रभारी शफी अहमद ने कही है।

समीक्षा बैठक के उपरांत अम्बिकापुर शहर, ग्रामीण और दरिमा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सभी मंडल अध्यक्ष पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव से मुलाकात करने उनके निवास गये। उनकी नियुुक्त पर उन्हें बधाई देते हुए  पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्भाग्यवश पिछले विधानसभा में सकारात्मक कार्यों के बाद भी चुनाव में पराजय हुई, लेकिन महज 18 माह में परिस्थितियां बदल गई हैं। उन्होंने कहा कि बदली परिस्थितियां हमारे पक्ष में है, लेकिन तैयारियों में खुद को झोंकना होगा, ताकि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बना जनसेवा कर सके।

 संगठन सृजन के तहत प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश के सभी जिले में मंडल और सेक्टर कमेटियों के गठन के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की है। श्रम कल्याण बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष एवं निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद को सरगुजा जिले के लिए प्रभारी नियुक्त किया गया है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने मतदान केन्द्रों के माईक्रो मैनेजमेंट के लिये संगठन में विकेन्द्रीकरण के साथ ही व्यापक बदलाव का खांचा उदयपुर शिविर में लिया था। इसी के तहत कांग्रेस ब्लॉक के नीचे मंडल, फिर सेक्टर और इनके माध्यम से मतदान केन्द्रों तक के प्रबंधन का निर्णय लिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने इन सभी लेयर का निर्माण सितंबर 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है। इन लक्ष्यों की प्राप्ती के लिये आज जिला प्रभारी शफी अहमद के द्वारा जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में आज तीनो ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की बैठक कर मंडल कमेटियों के निर्माण की प्रगती की समीक्षा की एवं 31 जुलाई तक इन्हें पूर्ण कर लेने का लक्ष्य रखा। इस दौरान उपस्थित मंडल अध्यक्षों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि अगामी 2 माह में मंडल, सेक्टर और बूथ लेबल तक हमें कार्यकर्ताओं की ऐसी फौज तैयार करनी है जिसका उद्देश्य महज चुनाव ही नहीं होगा। इसके माध्यम से हम बूथ लेबल तक मतदाताओं से संबंधित समस्याओं को दूर करने में उनकी मदद करेंगे। कार्यकर्ता का प्राथमिक उद्देश्य जनसेवा होगा।

बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री बालकृष्ण पाठक ने कहा कि बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चुनाव आयोग के द्वारा अचानक जिस प्रकार वोटर लिस्ट की व्यापक समीक्षा का निर्णय लिया है, ऐसी परिस्थिति का सामना आज नहीं तो कल छत्तीसगढ को भी करना है। हम ऐसी परिस्थिति से निपटने के लिये तैयारी कर रहे हैं, ताकि मतदाताओं के वैध मतदान के अधिकार को तुच्छ राजनैतिक स्वार्थो की बलि न चढा दी जाये। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष श्री राकेश गुप्ता ने कहा कि संगठन में जो लेयर तैयार किये जा रहे हैं, उसमें कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन पार्टी में उनके प्रगति का आधार बनेगा। मंडल अध्यक्षों की बैठक में समीक्षा के दौरान अम्बिकापुर ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में नियुक्त 9 मंडल अध्यक्षों को उनकी नियुक्ति पत्रा भी सौपा गया।

इसके पूर्व अम्बिकापुर शहर और दरिमा के मंडल अध्यक्षों को उनका नियुक्तिपत्र सौपा जा चुका है। अम्बिकापुर ग्रामीण में फैसल सिद्धकी, नितिश चौरसिया, शंकर प्रजापति, संतोष राजवाडे, श्रीमति धनेश्वरी सोनपाकर, गिरधारी सिंह, जयंत राजवाडे, अदीप एक्का एवं विवेक पैकरा को मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस दौरान श्री जे पी श्रीवास्तव, द्वितेन्द्र मिश्रा, राकेश गुप्ता, हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, अरविंद सिंह,  मुनेश्वर राजवाड़े, संजय विश्वकर्मा, इरफान सिद्धकी, शैलेन्द्र प्रताप सिंह, दुर्गेश गुप्ता, मदन जायसवाल, शैलेंद्र सोनी, अनूप मेहता, गुरुप्रीत सिद्धू, जमील खान, लोकेश कुमार, शुभम जायसवाल, आशीष जायसवाल, नारद गुप्ता, शंकर प्रजापति, सोहन जायसवाल, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह,  विक्रम सोनपाकर, सतीश यादव, मेराज रंगरेज, विनय गुप्ता, संजय सिंह,  सतीश बारी, हिमांशु जायसवाल, उत्तम राजवाड़े, अविनाश कुमार, अमितेज सिंह, पंकज शुक्ला, अमित सिंह, पारस राजवाड़े,  मो इमरान, सरिता पैकरा, बाबू सोनी, पवन राजवाड़े, परमेन्द्र सरजाल, धर्मसाय, पटेल जी, मैनेजर राजवाड़े, संजू कश्यप, योगेश राजवाड़े आदि मौजूद थे।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के प्रभारियों की नियुक्ति

प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मंडल और सेक्टर कमेटियों के गठन को गति देने के लिये पूरे प्रदेश के सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों में प्रभारी की नियुक्ति की है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के ये सभी प्रभारी मंडल और सेक्टर कमेटियों के गठन हेतु नियुक्त जिला प्रभारी, जिलाध्यक्ष एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष के साथ समन्वय स्थापित स्थापित करेंगे। अम्बिकापुर ग्रामीण ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के लिये पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्री राकेश गुप्ता, अम्बिकापुर शहर हेतु श्री मुनेश्वर राजवाडे, लखनपुर हेतु उदयपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंह, उदयपुर में श्री विक्रमादित्य सिंह, मैनपाट में मो0 इस्लामुद्धीन, धौरपुर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति मधु सिंह, लुंड्रा दुर्गेश गुप्ता, सीतापुर लालचंद यादव, बतौली नागेश्वर यादव एवं दरिमा में  सरीता दास को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी प्रभारी नियुक्त किया गया है।


अन्य पोस्ट