सरगुजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर 3 जून। लखनपुर थाना से महज 400 मीटर की दूरी पर नगर में बीती रात दो गुटों में लड़ाई झगड़े के बाद गाली-गलौज और पत्थरबाजी करने का मामला सामने आया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के द्वारा बताया जा रहा है कि बीती रात लगभग 1 बजे लखनपुर बस स्टैंड में दो गुटों में किसी बात को लेकर विवाद उत्पन्न हो गया और मारपीट शुरू हो गई और दोनों गुटों के लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। यही नहीं नागरिकों के घरों में भी पत्थरबाजी की गई है। घटना के बाद नगर में भय का माहौल व्याप्त है।
बताया जाता है कि सूचना देने के बाद भी पुलिस काफी देर से पहुंची, तब तक दोनों गुटों के लोग फरार हो गए थे। जिसका वीडियो भी सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, वहीं पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है।
जानकारी के मुताबिक लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुहपुटरा से लखनपुर रजवार पारा में सोमवार की रात बारात आई थी। डीजे में नाचने के दौरान बाराती आपस में ही भिड़ गए।
कुछ स्थानीय युवक बीच-बचाव करने पहुंचे तो बारातियों ने मारपीट शुरू कर दी। दूसरा युवक पहुंचा, उसके साथ भी मारपीट की गई विवाद और बढ़ गया और बारातियों और स्थानीय युवकों के बीच जमकर गाली-गलौज के बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई।
दोनों पक्ष के लोग पत्थरबाजी करते हुए नेशनल हाईवे 130 पर खूब उत्पात मचाया। वार्ड के लोगों ने इसकी सूचना लखनपुर पुलिस को दी गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक दोनों गुटों के लोग जा चुके थे।
इस संबंध में लखनपुर थाना प्रभारी शशिकांत सिन्हा ने कहा कि मामले को संज्ञान में लेकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है. कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं। घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
वहीं इस मामले में पीडि़त श्याम नारायण यादव भुइया पारा, यशवंत राजवाड़े घायल हो गए। पीडि़त श्याम नारायण यादव ने लखनपुर थाने पहुंच रिपोर्ट दर्ज कराई है। लखनपुर पुलिस विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज करते हुए मामले की जांच में जुटी है।