सरगुजा

परिजनों ने हत्या की जताई आशंका
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 9 मई। सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत खम्हरिया में सडक़ किनारे युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक युवक को करीब 100 मीटर तक घसीटे जाने के निशान मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मारने के बाद घसीटा होगा।
जानकारी के मुताबिक, उदयपुर-सूरजपुर मुख्य मार्ग में खम्हरिया के पास शुक्रवार सुबह की सैर पर निकले लोगों ने अज्ञात युवक की लाश पड़ी देखी और सूचना उदयपुर पुलिस को दी। सूचना पर उदयपुर टीआई कुमारी चंद्राकर की टीम मौके पर पहुंची। सडक़ में युवक को दूर तक घसीटने के निशान मिले हैं। मृतक के पीठ एवं चेहरे में चोटें आई हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक की शिनाख्त उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सरगवां निवासी चमन सिंह के रूप में हुई है। मृतक के भाई दूबराज ने बताया कि रात करीब 8 बजे उन्होंने साथ में खाना खाया था, उसके बाद बह किसी को बिना कुछ बताए निकल गया था। रात में वह वापस नहीं लौटा। सुबह शव मिलने की सूचना पर वे मौके पर पहुंचे तो चमन सिंह का खून से लथपथ शव मिला।