सरगुजा

अम्बिकापुर, 7 मई। जिला प्रशासन, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी 30 दिवसीय जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। खेल शिविर के सुचारू रूप से संचालन किये जाने हेतु जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में सोमवार को औपचारिक उद्घाटन गांधी स्टेडियम परिसर के बास्केटबॉल कोर्ट में किया गया।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सहायक संचालक रामकुमार सिंह ने बताया कि खेल शिविर का आयोजन भीषण गर्मी को दृष्टिगत रखते हुए एक पाली में प्रतिदिन प्रात: सुबह 6 से 8 बजे तक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि फुटबॉल, हैंडबॉल, ताईक्वान्डो एवं तीरंदाजी खेलों का प्रशिक्षण शासकीय पी.जी. कॉलेज खेल मैदान पर एवं बैडमिंटन, बास्केटबॉल, शतरंज, व्हालीबाल, एथलेटिक्स, योगा खेलों का प्रशिक्षण गांधी स्टेडियम में संचालित होंगे। मलखंभ खेल का प्रशिक्षण बढऩी झरिया ग्राम पंचायत में होगा। उद्घाटन समारोह में स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भारत सिंह सिसोदिया, आलोक दुबे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिले के अधिकारी-कर्मचारी, खेल प्रशिक्षक सहित प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।