सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 10 अप्रैल। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव का नए दायित्व के साथ प्रथम सरगुजा जिला आगमन पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने शानदार स्वागत किया। जगह-जगह ढोल नगाड़े, पटाखों तथा फूल मालाओं के साथ छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव का स्वागत करते भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते बन रहा था।
सरगुजा जिले के बॉर्डर तारा में प्रवेश करते ही भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व में जोरदार नारों के साथ भाजपा कार्यकर्ताओं ने अनुराग सिंह देव का स्वागत व अभिनंदन किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष ने उन्हें बधाई व शुभकामनाएं देते हुए प्रदेश नेतृत्व तथा विष्णु देव साय सरकार को धन्यवाद ज्ञापित किया कि उन्होंने सरगुजा के जमीनी भाजपा कार्यकर्ता को राज्य सरकार में महत्वपूर्ण जवाबदारी दी।
इस अवसर पर अनुराग सिंह देव ने कहा कि सरगुजा की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की तथा उन्होंने कहा, मैं जो कुछ भी हूँ, भाजपा संगठन की देन है। जो दायित्व मुझे मिला है, उसे पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाऊंगा। जनसेवा और विकास ही मेरी प्राथमिकता रहेगी।
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के नए अध्यक्ष का स्वागत तारा से शुरू होकर उदयपुर, लखनपुर, मेंडऱा कला, सांड़बार, बिलासपुर चौक, अस्पताल चौक, जय स्तंभ चौक, सदर रोड, महामाया चौक, संगम चौक, घड़ी चौक सहित भाजपा कार्यालय में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंह देव के अध्यक्ष छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल बनने के बाद जिला में प्रथम आगमन पर भाजपा सरगुजा द्वारा संकल्प भवन में उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया ।
जयघोष के साथ निकली भव्य स्वागत रैली अनुराग सिंह देव के तारा बॉर्डर प्रवेश से लेकर बीच में कई जगहों पर स्वागत के बाद संकल्प भवन पहुंची, जहां ढोल-नगाड़ों, पुष्प वर्षा और पटाखों के साथ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
स्वागत सभा में भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि सरगुजा के जमीनी कार्यकर्ता को प्रदेश सरकार द्वारा इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंपना न केवल सरगुजा भाजपा के लिए गौरव की बात है, बल्कि यह हर कार्यकर्ता के लिए प्रेरणा है। इसके लिए हम मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जी एवं प्रदेश नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हैं।
अनुराग सिंह देव ने कहा कि भाजपा संगठन ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, वह मेरे लिए सौभाग्य है। मैं सदैव कार्यकर्ताओं के बीच रहकर जनसेवा और विकास को प्राथमिकता दूंगा। मेरी यह नियुक्ति भाजपा की संगठनात्मक शक्ति और कार्यकर्ता आधारित राजनीति की जीत है।


