सरगुजा

बंद खदान में तैरती मिली अज्ञात महिला की लाश, हत्या की आशंका
28-Mar-2025 10:59 PM
बंद खदान में तैरती मिली अज्ञात महिला की लाश, हत्या की आशंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

प्रतापपुर,28 मार्च। शुक्रवार को बंद खदान के पोखरी पानी में एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। शव कंबल में लिपटा हुआ था और रबर से बंधा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव चार-पांच दिन पुराना बताया जा रहा है।

शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने पोखरी में तैरते हुए शव को देखा और तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और जांच शुरू की। मृतिका की उम्र करीब 25-26 वर्ष आंकी गई है। वह काले रंग का सलवार-सूट और मोजे पहने हुई थी। उसके हाथों में ओम का निशान और गोदना के अक्षर देखे गए।

पुलिस का मानना है कि महिला की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने के लिए कंबल में लपेटकर और रबर से बांधकर पानी में फेंक दिया गया। महिला के हाथ और सिर को बांधकर शव को छोटा आकार दिया गया था। यह नृशंस हत्या का मामला प्रतीत हो रहा है।

शव की पहचान नहीं
अब तक मृतिका की पहचान नहीं हो पाई है। हालांकि, स्थानीय लोगों ने आशंका जताई है कि महिला प्रतापपुर थाना क्षेत्र की हो सकती है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।

इस घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। सोशल मीडिया पर घटना के फोटो और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को पकडऩे और सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस इस मामले में गहन जांच कर रही है और हत्या के पीछे के कारणों और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इस हत्या में कई लोग शामिल हो सकते हैं।

 


अन्य पोस्ट