सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 20 नवंबर। सरगुजा पुलिस एवं स्वैच्छिक संगठनों(एनजीओ) के संयुक्त तत्वावधान में पुलिस अधीक्षक सरगुजा योगेश पटेल के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो के नेतृत्व में संचालित नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केन्द्र के द्वारा दशमेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल पटपरिया अम्बिकापुर के छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति, साइबर क्राइम , यातायात के प्रावधानों, विधिक साक्षरता के सम्बन्ध में जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
दशमेश सीनियर सेकेंडरी स्कूल की प्राचार्या ममता विश्वकर्मा के द्वारा नवा बिहान नशामुक्ति जागरूकता अभियान टीम का स्वागत करते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ करने हेतु नवा बिहान टीम को आमंत्रित किया गया। नवा बिहान नशा मुक्ति जागरूकता अभियान एवं परामर्श केंद्र के संयोजक वरिष्ठ समाजसेवी मंगल पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में नशा,नशा के विभिन्न प्रकारों , नशे की लत, नशा करने के कारणों एवं युवाओं पर नशा के प्रभाव के सम्बन्ध में चर्चा की गई।
बच्चे अपने करियर के प्रति सजग रहे, तभी वो अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकते हैं। किशोरावस्था के उम्र में ही बच्चे विभिन्न कारणों से नशे की ओर आकर्षित होते हैं। जिसके दुष्प्रभाव से उनका जीवन बर्बाद हो जाता है।
महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनिता भारद्वाज के द्वारा दैनिक दिनचर्या में नशे का सामाजिक प्रभाव व पुलिस की भूमिका तथा साइबर क्राइम के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए कहा गया कि जानकारी ही बचाव है। साथ ही साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी, हनी ट्रैप, अभिव्यक्ति ऐप, संचार साथी पोर्टल, नजऱबंद (हाउस अरेस्ट), डिजिटल अरेस्ट एवं नवीन कानून संहिता के प्रावधानों को भी बताया गया।
उप निरीक्षक विजय कैवर्त जी के द्वारा यातायात के नियमों की जानकारी एवं लोगों के द्वारा यातायात के नियमों की अवहेलना करने से होने वाली दुर्घटनाओं को आंकड़ों सहित प्रस्तुत किया गया तथा छात्र-छात्राओं को यातायात के प्रावधानों को पालन करने की हिदायत दी गई।
प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज ईश्वरीय विश्वविद्यालय सेवा केन्द्र अम्बिकापुर की संचालिका विद्या बहन ने कहा कि हमारे मन में असीम शक्तियां हैं। हम जो मन में लक्ष्य निर्धारित करते हैं। उस लक्ष्य को पूरा करने के लिए सदा स्वप्न देखना चाहिए तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। हम सभी को सदैव मन में सकारात्मक सोच रखना चाहिए। यदि हम ऐसा करते हैं तो हमें अपने लक्ष्य तक पहुंचने में कोई नहीं रोक सकता।


