सरगुजा

चांदो समिति में महिला किसान के साथ टोकन कटने तक खड़े रहे कलेक्टर
18-Nov-2024 10:51 PM
चांदो समिति में महिला किसान के साथ टोकन कटने तक खड़े रहे कलेक्टर

देखी टोकन कटने की पूरी प्रक्रिया, अंगूठा लगाने के बजाय हस्ताक्षर करने प्रोत्साहित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,18 नवंबर। कलेक्टर विलास भोसकर ने सोमवार को उदयपुर और लखनपुर विकासखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने लगभग आधा दर्जन धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया और धान खरीदी की जानकारी ली। कलेक्टर श्री भोसकर  ने लखनपुर धान खरीदी केंद्र में किसानों से खरीदी और भुगतान पर बात की।

उन्होंने खाद्य अधिकारी को निर्देश दिए कि किसानों की सुविधा के लिए सभी 54 धान खरीदी केंद्रों में शिकायत पंजी रखी जाए जहां किसान अपनी भुगतान, विक्रय अथवा अन्य किसी भी तरह की समस्या दर्ज कर सकेंगे। कलेक्टर स्वयं इस पंजी के संधारण की मॉनिटरिंग करेंगे। उन्होंने इस दौरान हम्मालों से भी बात की और काम की जानकारी ली। उन्होंने किसानों के साथ इलेक्ट्रॉनिक कांटा की पूजा अर्चन कर धान खरीदी की शुरुआत की और किसानों से धन विक्रय के बाद राशि भुगतान होने पर भुगतान की जानकारी से अवश्य अवगत कराने की बात कही।

उल्लेखनीय है कि धान विक्रय के 72 घंटे में भुगतान किसान के खाते में कर दिया जाता है। इसी तरह कलेक्टर ने आदिम जाति सेवा सहकारी समिति चांदो में अपने समक्ष इलेक्ट्रॉनिक कांटा के कैलिबरेशन की जांच कराई। निरीक्षण के दौरान समिति में टोकन कटाने आई महिला किसान कुन्ती से कलेक्टर ने बात की। कलेक्टर ने स्वयं उनके साथ कांउटर से टोकन की पूरी प्रक्रिया देखते हुए टोकन लिया। इस दौरान ऑनलाइन एप के माध्यम से भी टोकन कटाने की सिस्टम की जानकारी ली। टोकन की पूरी प्रक्रिया उपरांत हस्ताक्षर की जगह जब महिला किसान अंगुठा लगाने लगी तो कलेक्टर ने अंगूठे की बजाय स्वयं के हस्ताक्षर करने हेतु प्रोत्साहित किया और इस पर महिला किसान ने प्रेरित होकर अपने हस्ताक्षर किए। इसके साथ ही कलेक्टर ने धान उपार्जन केंद्र सलका, खम्हरिया और उदयपुर में भी पहुंचकर धान खरीदी कार्य का जायजा लिया और किसानों से सीधे संवाद किया।

 उन्होंने किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्रों में बनाए गए किसान कुटीर को कार्यशील रखने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को शिकायत पंजी की जानकारी दी और अपनी समस्या अवश्य साझा करने कहा। उन्होंने धान खरीदी से जुड़े कर्मचारियों को निष्ठापूर्वक कार्य करने निर्देशित किया।


अन्य पोस्ट