सरगुजा
धरती आबा बिरसा मुंडा को किया नमन, मांदर पर थाप पर झूमे जनप्रतिनिधि-अफसर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 15 नवंबर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, आदिवासी जननायक, धरती आबा बिरसा मुण्डा की 150वीं जयंती पर पूरे देश और प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। इसी क्रम में सरगुजा जिले में भी पीजी कॉलेज ऑडिटोरियम में जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा बिहार राज्य के जमुई से वर्चुअली जुडक़र देशवासियों को संबोधित किया गया। उन्होंने बिरसा मुंडा के स्वतंत्रता संग्राम में निभाई गई ऐतिहासिक भूमिका और उनकी प्रेरणादायक विरासत का उल्लेख किया और धरती आबा बिरसा मुंडा के सम्मान में एक स्मारक सिक्का और डाक टिकट भी जारी किया।
जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले की आदिवासी संस्कृति का सुंदर नजारा देखने को मिला जब लोक नृत्य दलों के साथ मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने भी कदम से कदम मिलाए और खुशी जाहिर की। वहीं विधायक प्रबोध मिंज एवं कलेक्टर विलास भोसकर भी मांदर पर थाप देते हुए झूम उठे।
कार्यक्रम में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा असमिया लोक नृत्य बिहू, सहित छत्तीसगढ़ के आदिवासी लोक नृत्यों पर प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए धरती आबा बिरसा मुंडा को नमन किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती को पूरे देश में जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विशेष लगाव आदिवासी समाज के साथ है। इसी क्रम में बीते दिनों जशपुर जिले में वृहद पदयात्रा कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में आदिवासी विभूतियों का अतुलनीय योगदान रहा है। आदिवासी समाज अपनी शालीनता और साहस के लिए जाना जाता है। हमें इस पहचान को बनाए रखना होगा। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में जनजातीय ग्राम उत्कर्ष जैसी क्रांतिकारी योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्य द्रुत गति से हो रहे हैं। प्रधानमंत्री ने आदिवासी समाज को मुख्यधारा से जोडऩे विभिन्न योजनाएं बनाई हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के मार्गदर्शन में जनजातीय समाज के कल्याण के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने इस अवसर पर सरगुजा क्षेत्र में आदिवासी समाज के हित में महत्वपूर्ण योगदान हेतु माता राजमोहिनी देवी एवं संत गाहिरा गुरु का विशेष स्मरण करते हुए नमन किया।
विधायक लुण्ड्रा प्रबोध मिंज ने जनजातीय गौरव दिवस की बधाई दी और बिरसा मुंडा की जयंती पर उन्हें नमन किया। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत देश सभी क्षेत्रों में विकास की और बढ़ा रहा है। 2047 में जब आजादी के सौ साल पूरे होंगे, शासन का लक्ष्य विकसित भारत बनाना है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए आदिवासी समाज को आगे आना होगा। केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा निरन्तर आदिवासी समाज के विकास और प्रगति हेतु योजनाओं के माध्यम से उन्हें मुख्यधारा से जोडऩे का प्रयास किया जा रहा है। इन योजनाओं का लाभ उठाएं और विकसित भारत बनाने में अपना सहयोग करें।


