सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजपुर, 3 नवंबर। राजपुर कुसमी मुख्य मार्ग में ग्राम बुढ़ाबगीचा लडुआ के पास सडक़ हादसे में एक महिला व आठ साल की बच्ची सहित कुल सात लोगों की मौके पर मौत हो गई। बुरी तरह से घायल चालक की इलाज के दौरान मौत हो गई है। घटना की जानकारी लगते ही पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंचकर वाहन में फंसे सभी लोगों को निकाला। वहीं घटना की जानकारी लगते ही देर रात सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने राजपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुँचकर घटना की जानकारी ली।
घटना शनिवार शाम लगभग 8 बजे की है। लरिमा कुसमी निवासी 35 वर्षीय चंद्रावती पति संजय मुंडा जो की सूरजपुर जिला में शिक्षक के पद पर पदस्थ थी, दीपावली की त्यौहार मनाने अपने घर आई थी। दीपावली त्यौहार के बाद चंद्रवती अपनी ड्यूटी पर वापस सूरजपुर लौट रही थी। चंद्रावती मुंडा के साथ वाहन में उसके पति संजय मुंडा 33 वर्ष एवं 6 वर्षीय पुत्री कीर्ति सहित गाँव के चार लोग और सवार थे।
वाहन जैसे ही राजपुर कुसमी मुख्य मार्ग में राजपुर से 3 किलोमीटर पहले लडुआ के पास पहुँची वाहन के तेज रफ्तार होने के कारण चालक का वाहन पर से नियंत्रण हट गया और वाहन सडक़ के दूसरी ओर पानी से भरी डबरी में जा पलटी।
वाहन पलट कर पानी में पूरी तरह से डूब गया और वाहन के बंद हो जाने से स्कार्पियो वाहन का सभी दरवाजे लॉक हो गया जिससे उसमे बैठे सभी यात्री फँस गए। घटना के बाद स्थानीय लोगो ने उसमे बैठे यात्रियों को बचाने की कोशिश की परंतु वाहन में सभी दरवाजो का शीशा बंद था, केवल चालक में दरवाजे के शीशा खुला था जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से किसी तरह वाहन के खिडक़ी से चालक को खींचकर बाहर निकाला।
सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस तत्काल घटना स्थल पर पहुँची परंतु वाहन के पानी मे पुरी तरह से डूबे होने के कारण रेस्क्यू करने के लिए जेसीबी मँगाया गया। जेसीबी की सहायता से वाहन को डबरी से काफी मशक्कत के बाद निकाला गया। जब वाहन को बाहर निकाला गया तो उसमें बैठे सभी लोग मृत पाए गए जिसके बाद पुलिस ने सभी मृतकों के शव को राजपुर स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया।
माता-पिता, पुत्री सहित आठ लोगों की मौत
लरिमा थाना कुसमी निवासी चंद्रावती मुंडा पति संजय मुंडा 35 वर्ष, संजय मुंडा पिता वासुदेव 33 वर्ष कीर्ति मुंडा पिता संजय मुंडा 6 वर्ष सहित गाँव के अन्य चार लोग जिसमे उदय नाथ पिता रामकेश्वर 27 वर्ष मंगल दास पिता घनश्याम मुंडा 21 वर्ष भूपेंद्र मुंडा पिता हरिलाल 18 वर्ष अवनीत राम प्रजापति पिता झगरु 17 वर्ष ये सभी स्कार्पियो क्रमांक ष्टत्र 15 ष्ठक्क 6255 में सवार होकर लरिमा से सूरजपुर जा रहे थे।
जैसे ही वे ग्राम बुढाबग़ीचा लडुआ पहुँचे तभी वाहन चला रहे चालक करकली निवासी मुकेश दास पिता महावीर दास 26 वर्ष वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया जिसके बाद वाहन सडक़ के दूसरी तरफ़ एक पानी से भरी डबरी में जा गिरी और पलट गया। इस घटना में चंद्रवती उसके पति संजय सहित 6 वर्षीय पुत्री कीर्ति सहित उसमे सवार सभी लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक का अम्बिकापुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गया।
गोताखोरों की मदद से निकाला लापता शव
दुर्घटना के बाद जब पुलिस ने वाहन का रेस्क्यू किया तब वाहन से चंद्रावती मुंडा संजय मुंडा कीर्ति मुंडा उदय नाथ मंगल दास भूपेंद्र मुंडा कुल छ: लोगो का शव वरामद किया जबकि चालक को पहले ही रेस्क्यू कर निकाला गया था। घटना में 17 वर्षीय अवनीत राम प्रजापति पिता झगरु का कहीं पता नहीं चल सका।
पुलिस को जानकारी मिली कि उक्त वाहन में चालक सहित आठ लोग सवार थे। जब देर रात अवनीत के परिजन राजपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे और उसके मोबाईल की पहचान की तब पुलिस पुन: डबरी से अवनीत का रेस्क्यू करने के लिए तत्काल अम्बिकापुर से एसडीआरएफ की टीम बुलाई।जिसके बाद देर रात करीब 12 बजे अवनीत का शव को बरामद किया जा सका।
क्षेत्र में पसरा मातम
उक्त दुर्घटना में वाहन में सवार सभी आठ लोगों की मौत से पूरा क्षेत्र दहल उठा है। मृतकों के गॉंव लरिमा में मातम पसर गया है।उक्त घटना में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत और पड़ोस के चार लोगों की मौत से लोग सदमे में हैं।रविवार को पुलिस सभी मृतकों के शव को पंचनामा पोस्टमार्टम पश्चात आवश्यक कार्रवाई कर उनके गृह ग्राम भेज दिया है।





