सरगुजा
पूर्व डिप्टी सीएम ने पीडि़त परिजनों से की मुलाकात
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 28 अक्टूबर। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह ने बलरामपुर थाना में पुलिस अभिरक्षा में मृत गुरु चंद मंडल के परिजनों से मिलकर घटनाक्रम की जानकारी ली। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने हाईकोर्ट के सीटिंग जज से मामले की जांच कराने और दोषी सभी पुलिसकर्मियों को बर्खास्त करने की मांग की है।
ज्ञात हो कि बलरामपुर थानांतर्गत ग्राम सन्तोषी नगर निवासी गुरु चंद मंडल की विगत दिनों पुलिस अभिरक्षा में मौत हो गई थी। आरोप है कि उसकी पत्नी रीना मंडल के गुमशुदगी के मामले में पुलिस उसे और परिजनों को लगातार पूछताछ के लिए थाने बुला रही थी।
मृतक के पिता ने पूर्व उप मुख्यमंत्री को बताया कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें थाने बुलाकर अमानवीय ढंग से पिटाई की। घटना पूर्व मृतक गुरु चंद मंडल, पिता शांति मंडल, असीम मंडल सहित दो अन्य लोगों को 3 दिन से पूछताछ के नाम पर थाने में रखकर टॉर्चर किया जा रहा था। इसी बीच उन्हें पुलिस कर्मियों के आपसी बातचीत से गुरु चंद मंडल की मौत की अपुष्ट जानकारी मिली। पुलिस की ओर से थाने में मौजूद परिजनों को कुछ भी नहीं बताया गया।
पीडि़त पक्ष ने पुलिस प्रताडऩा से परिजनों के शरीर मे आयी चोट कांग्रेस की टीम को दिखाया। मृतक गुरुचंद के शरीर में पुलिस की पिटाई के निशान का वीडियो ,फोटो भी उपलब्ध कराया।
पूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंह देव ने कहा कि यह घटना अमानवीय है। पहली नजर में साफ है गुरु चंद मंडल की मौत पुलिस की पिटाई से हुई है, बाद में उसके शौचालय में फांसी लगाने की कहानी गढ़ी गयी। इस घटना की जांच हाईकोर्ट के सीटिंग जज अथवा सीबीआई जैसी संस्था से कराई जानी चाहिए। जिन भी पुलिस वालों पर आरोप है उनके निलंबन और दोषी पाए जाने पर बर्खास्तगी की कार्यवाही से कम कुछभी मंजूर नहीं। जिन पर समाज की रक्षा की जिम्मेदारी है उनका ऐसा जघन्य अपराध अक्षम्य है।
उन्होंने कहा ऐसा लगता है कानून व्यवस्था सरकार के नियंत्रण से बाहर हो चुकी है। लगातार इस तरह की घटनाएं सामने आना चिंता का विषय है। आदिवासी मुख्यमंत्री के शासन काल में आदिवासियों और आदिवासी क्षेत्र के लोगो पर अत्याचार की घटनाएं तेजी से बढ़ी है।
इस दौरान औषधीय पादप बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष बाल कृष्ण पाठक महापौर डॉ. अजय तिर्की, पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम, सूरजपुर जिला पंचायत अध्यक्ष राजकुमारी मरावी, प्रदेश कांग्रेस महामंत्री द्वितेंद्र मिश्र जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र तिवारी, राकेश गुप्ता, रीपुजीत सिंह, अजय गुप्ता, शिव भजन मरावी, आशीष वर्मा, अजय सिंह, आलोक सिंह, नीतीश चौरसिया,सतीश बारी, ऋषिकेश मिश्रा,डॉ दिनेश यादव,ओंकार गुप्ता,जितेंद गुप्ता,मुन्ना सिंह, हरीश मिश्रा,लाल साय मिंज,दिलीप धर,नन्हेलाल गुप्ता, राजू सिंह,अविनाश कुमार, क्षितिज चन्देल सहित कांग्रेसजन मौजूद थे।


