सरगुजा

सर्व आदिवासी समाज ने पुष्पवर्षा कर किया स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर,16 सितंबर। लखनपुर नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जश्न-ए ईद मिलादुन्नबी पर्व हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। सोमवार सुबह लगभग 10 बजे जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर बरसते पानी में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने लखनपुर जामा मस्जिद से तिरंगा और इस्लामिक झंडे के साथ विशाल जुलूस निकाला।
यह जुलूस नगर के पैलेस रोड ,पठानपुरा ,पुलिस थाना गुदरी बाजार होते हुए बस स्टैंड पहुंचा, जहां सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने पुष्प वर्षा कर जुलूस का स्वागत किया और एक दूसरे के गले मिलकर जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर्व को लेकर मुबारकबाद दी।
ईदगाह में मिलाद शरीफ का प्रोग्राम रखा गया था,जहां लखनपुर जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती मोहम्मद खालीदुल कादरी अलगौसी, मौलाना हसन रजा, समीउल्लाह, सफीउल्लाह, हाफिज शमसिर आलम के द्वारा तकरीर कर हजरत मोहम्मद साहब के जीवनी पर प्रकाश डाला। फतेहाखानी के बाद देश और दुनिया में अमन शांति और भाईचारे की दुआ मांगी गई और हजरत मोहम्मद साहब को सलाम पेश किया गया। समापन के बाद सभी लोगों को सिरनी लंगर बांटा गया।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर लखनपुर जमा मस्जिद को फूलों गुब्बारों और रंग बिरंगी रोशनी से सजाया गया जो आकर्षण का केन्द्र बना हुआ है। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने घरों और महोल्लो में पतंगी और रंग बिरंगी रोशनियों से सजाया गया है। हजरत मोहम्मद साहब के पैगाम को पहुंचाने के लिए जगह जगह बैनर पोस्टर अंजुमन गौसिया कमेटी की ओर से लगाया गया है।
जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर्व पर स्थानीय और पुलिस प्रशासन का विशेष सहयोग रहा।