सरगुजा

बिजली बिल बढ़ोतरी करना जनता पर भाजपा का अत्याचार-हिमांशु
02-Jun-2024 8:47 PM
बिजली बिल बढ़ोतरी करना जनता पर भाजपा का अत्याचार-हिमांशु

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 जून।
युवा कांग्रेस आरटीआई सेल के प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु जायसवाल ने कहा कि राज्य सरकार के प्रस्ताव पर विद्युत नियामक आयोग ने विद्युत के दामों में बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है, यह अनुचित है। बिजली के दामों में बढ़ोतरी जनता के ऊपर अत्याचार है। 

हिमांशु जायसवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के वित्तीय कुप्रबंधन के कारण छत्तीसगढ़ का आम आदमी परेशान हो गया है। साय सरकार नागरिकों को हर तरफ सांय- सांय परेशान करने की नीयत से काम कर रही है। सरकार ने रजिस्ट्री छूट को समाप्त किया, ईवे बिल को समाप्त किया, अब बिजली बिल के दाम में लगभग 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी गई। 

बिजली के दाम बढऩे से घरेलू के साथ-साथ उद्योगों और व्यवसायिक उपभोक्ताओं को महंगी बिजली खरीदने को मजबूर होना पड़ेगा। उद्योगों को महंगी बिजली मिलेगी तो उनके उत्पादों का महंगा होना स्वाभाविक है। ऐसे में आम आदमी पर दोहरी मार पड़ेगी। भाजपा की नीयत कमीशनखोरी करना है, उसे आम आदमी की सहूलियतों से कुछ लेना देना नहीं है। जबकि कांग्रेस सरकार ने छत्तीसगढ़वासियों को आधा बिजली बिल के साथ दरों में भी कटौती की थी। साय सरकार आम जनता को राहत न देकर उससे महंगाई की मार से और दबाना चाहती है जबकि इन्होंने अपने गारंटी में रसोई गैस 500 और महंगाई कम करने की बात की थी पर ये गारंटी भी अब फेल दिखती नजर आ रही है।

हिमांशु जायसवाल ने कहा कि पिछले पांच माह में विद्युत सरप्लस वाला छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत कटौती का केंद्र बन गया है। कोई ऐसा दिन नहीं होता, जब बिजली दो-चार घंटे के लिये बंद न हो। रात में तो बिजली की स्थिति तो और भयावह हो जाती है। घंटों बिजली गोल हो जाती है। भाजपा से न सरकार संभल पा रहा और न ही व्यवस्थायें। सरकार एक तो पूरे समय बिजली नहीं दे पा रही ऊपर से उपभोक्ताओं पर महंगी बिजली का बोझ डाल रही है।


अन्य पोस्ट