सरगुजा

अस्पताल ले जाते एंबुलेंस से कूद फरार बंदी गिरफ्तार
30-May-2024 9:14 PM
अस्पताल ले जाते एंबुलेंस  से कूद फरार बंदी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 मई।
सेंट्रल जेल में निरुद्ध हत्या का आरोपी बंदी बुधवार शाम एंबुलेंस से कूदकर फरार हो गया था। एंबुलेंस से कूदकर फरार बंदी संजीव दास को पुलिस ने लुंड्रा थाना क्षेत्र से कुछ घंटों बाद ही पकड़ लिया। 

एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ने बताया कि पुलिस ने बंदी के फरार होने के बाद सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो आरोपी खरसिया नाका की ओर जाता दिखा।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की तो पता चला कि लुंड्रा थाना क्षेत्र में बंदी का एक रिश्तेदार रहता है। पुलिस टीम वहां पहुंची तो बंदी संजीव दास वहां बैठा हुआ मिला। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है। आरोपी के फरार होने की रिपोर्ट मणिपुर थाने में दर्ज की गई है। आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा।

ज्ञात हो कि अंबिकापुर अंतर्गत चिखलाडीह निवासी संजीव दास हत्या के आरोप में न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल अंबिकापुर में निरुद्ध था। बुधवार शाम करीब 7 बजे उसे तबीयत बिगडऩे पर सेंट्रल जेल के मेडिकल वॉर्ड से मेडिकल कॉलेज शिफ्ट करने के लिए एंबुलेंस से ले जाया जा रहा था। एंबुलेंस के पिछले हिस्से में बंदी अकेला था। एंबुलेंस चालक और एक प्रहरी सामने बैठे थे। 

एंबुलेंस में अकेले होने के कारण बंदी को भागने का मौका मिल गया और वह चलती एंबुलेंस से कूदकर भाग निकला था। बंदी को भागते देख एंबुलेंस चालक दया राम और प्रहरी वेद प्रकाश पाण्डेय ने एंबुलेंस रोककर उसे पकडऩे की कोशिश की, लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला था।

दो प्रहरी निलंबित
 जेल अधीक्षक योगेश सिंह ने मामले में एंबुलेंस चालक दया राम और प्रहरी वेद प्रकाश पांडेय को निलंबित कर दिया है।


अन्य पोस्ट