सरगुजा
आरोपी झारखण्ड से बंदी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 मई। नौकरी लगाने के नाम पर झांसा देकर ठगी करने के मामले में आरोपी को पलामू झारखण्ड से बतौली पुलिस टीम ने गिरफ्तार किया है।
आरोपी द्वारा प्रार्थिया को एक निजी चिकित्सालय में नौकरी लगाने के नाम पर झांसे में लेकर लगभग 4 लाख रुपये ठगी की गई थी। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल भी जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक प्रार्थिया अनिमा सिंह निवासी सिलगा बतौली ने 13 मई को थाना बतौली आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी जानपहचान पूर्व में पलामु झारखण्ड निवासी मंटू कुमार रवि से हुई थी। मंटू कुमार रवि द्वारा अम्बिकापुर के एक निजी चिकित्सालय मे नर्स का नौकरी खाली होने की बात बताकर 4 लाख रुपये सिक्योरिटी मनी जमा करने पर नौकरी लगवाने की बात बताया गया था।
प्रार्थिया झांसे में आकर अलग अलग किस्तों मे लगभग 4 लाख रुपये आरोपी को नगद एवं खातों में दी। पैसे देने के बाद प्रार्थिया द्वारा मंटू कुमार रवि को नौकरी लगवाने की बात बोलने पर आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा है, और अब आरोपी प्रार्थिया को न ही पैसा वापस कर रहा हैं, न ही प्रार्थिया की नौकरी लगी है। आरोपी द्वारा प्रार्थिया को नौकरी दिलाने का झांसा देकर लगभग 4 लाख रुपये की ठगी की है। मामले में प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना बतौली में अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। पुलिस टीम द्वारा मामले के आरोपी की पता तलाश किया जा रहा था। साइबर सेल से आरोपी के सम्बन्ध में तकनीकी जानकारी प्राप्त कर पुलिस टीम को आरोपी की गिरफ़्तारी हेतु पलामू झारखण्ड रवाना किया गया था। पुलिस टीम के सतत प्रयास से मामले के आरोपी की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ की गई।
आरोपी द्वारा अपना नाम मंटू कुमार रवि उम्र 24 वर्ष साकिन बासबार थाना नावा जयपुर जिला पलामू झारखण्ड का होना बताया। आरोपी ने ठगी करना स्वीकार किया। आरोपी के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त मोबाइल जब्त किया गया। आरोपी के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया।