सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 मई। तीन माह से वेतन नहीं मिलने से नाराज छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी के बैनर तले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दरिमा अंतर्गत आने वाले कर्मचारियों ने एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। अंबिकापुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र फुन्दुरडिहारी पटेलपारा में एकत्रित हुए कर्मचारियों ने वेतन जल्द दिलाने की मांग कर प्रदर्शन करते हुए मांग पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकाल हड़ताल की चेतावनी दी है।
प्रदर्शन कर वह कर्मचारियों ने बताया कि कर्मचारियों को मार्च, अप्रैल और मई का वेतन भुगतान अब तक नहीं किया गया है, जिससे कर्मचारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कई कर्मचारी जो लोन लिए हैं, उसका लोन पटाने और बच्चों की फीस भरने ब्याज पर पैसा लेने मजबूर हैं, वही महिला कर्मचारियों की माने तो अपना व परिवार का भरण पोषण करने अपने जेवर को बेचने मजबूर हो गई हैं।
इस पूरे मामले को लेकर खंड चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बीते दिन अंबिकापुर दौरे पर पहुंचे अपर मुख्य सचिव से मिलकर कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया गया था, जिसे जल्द दूर करने की बात अपर मुख्य सचिव के द्वारा की गई है।
बहरहाल 3 महीने से वेतन नहीं मिलने से परेशान स्वास्थ्य कर्मचारियों ने आज एक दिवस से सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया है, जिसकी वजह से स्वास्थ्य से संबंधित कई काम प्रभावित रहे। खासकर ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ रहा है, वहीं प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने जल्द मांग पूरी नहीं होने पर आने वाले 5 जून से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है।
इस दौरान धनेश प्रताप सिंह जिला अध्यक्ष छग प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ,लक्ष्मी बैरागी, प्रयाग राजवाड़े,खंड चिकित्सा अधिकारी अम्बिकापुर ग्रामीण सहित अन्य उपस्थित थे।