सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 मई। जिला बदर आरोपी हाथ में तलवार लेकर गांव में लहरा रहा था और लोगों में भय पैदा कर रहा था। सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपीको जिला दंडाधिकारी सरगुजा द्वारा एक वर्ष के लिए सरगुजा जिला सहित अन्य आस पास के 5 जिलों से जिला बदर किया था, लेकिन आरोपी जिला बदर होने के बावजूद भी अपने गृहग्राम आकर तलवार लहराकर आमनागरिकों को आतंकित कर रहा था।
थाना लुन्ड्रा एवं विशेष पुलिस टीम द्वारा मामले में आरोपी के विरुद्ध छ.ग.राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14, 15 एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार जब्त किया गया है।
पुलिस के मुताबिक़ 25 मई को थाना लुन्ड्रा पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ माह पूर्व जिला बदर हुआ दोरना निवासी रामाशंकर यादव अपने निवास स्थान दोरना में आकर तलवार रखकर लोगों को भयभीत कर रहा है।
सूचना पर अनुविभागीय अधिकारी पुलिस ग्रामीण अमित पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ग्राम दोरना रवाना हुई। यहां रामाकंशर यादव की तलाश की जा रही थी।
इस दौरान रामाशंकर यादव अपने मकान की छत से तलवार लेकर नीचे कूदा और तलवार को लहराते हुए घर से बाहर सडक़ की ओर भागने लगा। उसको पुलिस टीम की सक्रियता से घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।