सरगुजा

वृद्धा की चेन खींचने वाला आरोपी गिरफ्तार
21-May-2024 7:45 PM
वृद्धा की चेन खींचने वाला आरोपी गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 मई।
नगर के नवापारा मोहल्ले में एक वृद्ध महिला की चेन स्नेचिंग के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी, 3000 रुपये नगद, मोबाइल एवं आरोपी द्वारा घटना के दौरान पहना हुआ कपड़ा बरामद किया गया है।

पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आरोपी के फरार होने के संभावित रास्तों के सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर आरोपी की पहचान की गई। आरोपी द्वारा सोने की चेन को अपिरिचित व्यक्ति को बेचना बताया। 

जानकारी के मुताबिक़  प्रार्थी प्रशांत सोनी निवासी नवापारा गांधीनगर ने 8 मई को थाना गांधीनगर आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि प्रार्थी के नवापारा स्थित घर में किराना एवं मोबाइल का दुकान हैं। प्रार्थी की दादी सुमित्रा सोनी काफी बुजुर्ग हैं, वह वॉकर से चलना फिरना करती हैं, 8 मई को देर शाम प्रार्थी की दादी दुकान से उठकर गली की ओर से होते हुए वॉकर से घर की ओर जा रही थी, इसी दौरान एक अज्ञात स्कूटी सवार युवक द्वारा प्रार्थी के दादी के गले में पहना हुआ सोने की चेन लूटकर धक्का मारकर मौक़े से फरार हो गया।

 प्रार्थी की दादी द्वारा हो-हल्ला करने पर प्रार्थी की माँ और बहन मौक़े पर जाकर देखे तो प्रार्थी की दादी सुमित्रा सोनी मौक़े पर गिरी पड़ी थी, बाद में प्रार्थी को घटना की जानकारी प्राप्त होने पर घर आकर सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो एक अज्ञात स्कूटी चालक द्वारा प्रार्थी के दादी के गले में पहना हुआ सोने का चेन किमती लगभग 40000/- रुपये को लूटकर मौक़े से फरार होना पाया गया। प्रार्थी की रिपोर्ट पर मामले मे अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया गया।

पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास में लगे सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया गया। पुलिस टीम के सतत प्रयास से मामले के आरोपी की पहचान कर आरोपी के सम्बन्ध में सायबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर आरोपी की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ की गई।

आरोपी द्वारा अपना नाम विकास जायसवाल बलरामपुर हाल मुकाम अम्बिकापुर का होना बताया। आरोपी से घटना के सम्बन्ध मे पूछताछ किये जाने पर बताया कि घटना दिनांक से एक दिन पूर्व 7 मई  को आरोपी नवापारा शिवमंदिर तरफ गया था, जहां पर एक वृद्ध महिला गले में सोने की चेन पहनकर वॉकर से घूमते दिखी, अगले दिन आरोपी उक्त वृद्ध महिला के गले में पहना हुआ सोने को चेन लूटने के  लिए स्कूटी से नवापारा शिवमंदिर तरफ पहुंचा था। घटना समय पर उक्त वृद्ध महिला देर शाम अकेले वॉकर से आती दिखाई दी, जिस पर उसके गले में पहना हुआ सोने की चेन को खींचकर वृद्ध महिला को धक्का देकर मौक़े से फरार हो गया।

आरोपी द्वारा उक्त सोने की चेन को अपिरिचित व्यक्ति को आवश्यक काम होने की बात बोलकर बेचना बताया। सोने की चेन की बिक्री से प्राप्त रकम 3000/- रुपये पुलिस टीम द्वारा जब्त किया गया। आरोपी के बयान की तस्दीक़ की जा रही है।

आरोपी के कब्जे से घटना के दौरान प्रयुक्त स्कूटी बिना नंबर, 1 मोबाइल सहित आरोपी द्वारा घटना के दौरान पहना हुआ कपड़ा जब्त किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाता है।


अन्य पोस्ट