सरगुजा

पहली बार मतदान कर लौटती युवती पर गिरी गाज, मौत
08-May-2024 9:24 PM
पहली बार मतदान कर लौटती युवती पर गिरी गाज,  मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 8 मई।
पहली बार वोट डालने गई एक युवती पर आकाशीय बिजली गिर गई, जिससे उसकी मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि  युवती वोट डालने गई हुई थी, वापस घर लौटते वक्त मौसम ने अचानक करवट ले ली और आंधी-तूफान के बीच युवती पर आकाशीय बिजली गिर गई,जिससे वह झुलस गई। परिजन जब तक उसे अस्पताल ले जाते उसकी मौत हो गई थी। युवती पहली बार लोकसभा चुनाव में वोटिंग करने गई हुई थी।

घटना मैनपाट ब्लॉक के ग्राम कोट मतदान केंद्र की है जहां 21 साल की कबूतरी दास सरगुजा लोकसभा के लुण्ड्रा विधानसभा क्षेत्र में मतदान करने गई थी। वह लमगांव क्षेत्र के कोट पोलिंग बूथ में वोट डाली थी, उसके बाद वह वापस लौट रही थी, इस बीच अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई।

इस घटना में युवती का भाई और मां भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से झुलस गए। युवती को तुरंत अंबिकापुर के निजी अस्पताल लाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे उस वक्त हुई, जब अचानक बारिश होने की वजह से तीनों एक पेड़ के नीचे बैठ गए थे। इसी दौरान उन पर आकाशीय बिजली गिरी और युवती की मौत हो गई।


अन्य पोस्ट