सरगुजा

स्ट्रॉबेरी की खेती कर लाखों की कर रहे कमाई
18-Mar-2024 2:07 PM
स्ट्रॉबेरी की खेती कर लाखों की कर रहे कमाई

 लोगों को भी कर रहे प्रेरित 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रामानुजगंज,18 मार्च।
रामानुजगंज के रहने वाले विकास अग्रवाल पेशे से डॉक्टर हैं, लेकिन इसके साथ ही खेती-किसानी का भी शौक है। अपने शौक को पूरा करने के लिए पूरे जुनून के साथ अपनी मेहनत से स्ट्रॉबेरी की खेती कर लाखों रुपए कमाई कर रहे हैं। क्षेत्र के लोगों को भी प्रेरित कर रहे हैं। यहां हर दिन लगभग 600 किलोग्राम स्ट्रॉबेरी का उत्पादन हो रहा है। बड़े शहरों में स्ट्रॉबेरी की डिमांड होने के कारण यहां से स्ट्रॉबेरी सप्लाई किया जा रहा है।

बलरामपुर रामानुजगंज के डॉ. विकास अग्रवाल अपने डॉक्टर के पेशे के साथ ही खेती-किसानी भी कर रहे हैं। रामानुजगंज में पांच एकड़ में स्ट्रॉबेरी की खेती कर रहे हैं। बागवानी फसलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्ट्रॉबेरी का उत्पादन कर रहे हैं।

हर दिन 600 किलोग्राम स्ट्रॉबेरी का हो रहा उत्पादन
डॉ. विकास अग्रवाल पांच एकड़ में स्ट्रॉबेरी की खेती कर रहे हैं और नवंबर  से लेकर जनवरी तक हर दिन लगभग 200 किलोग्राम स्ट्रॉबेरी का उत्पादन हुआ। जनवरी से लेकर मार्च तक लगभग 600 किलोग्राम स्ट्रॉबेरी का उत्पादन हो रहा है।

फिलहाल बाजार में 250-300 रूपए किलोग्राम के रेट से स्ट्रॉबेरी की बिक्री हो रही है। यहां से स्ट्रॉबेरी की सप्लाई कोलकाता सहित छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर एवं अन्य शहरों में किया जा रहा है।


अन्य पोस्ट