सरगुजा

पीएम आज एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉलों का करेंगे शिलान्यास, अम्बिकापुर भी शामिल
11-Mar-2024 7:43 PM
पीएम आज एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉलों का करेंगे शिलान्यास, अम्बिकापुर भी शामिल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 11 मार्च।
छत्तीसगढ़ सहित पूरे भारत वर्ष में रेल अधोसंरचना के उन्नयन हेतु भारतीय रेल प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है। वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य में 36,968 करोड़ रुपए से अधिक की रेलवे परियोजनाएं प्रगति पर है। इस वर्ष बजट में छत्तीसगढ़ राज्य को रिकार्ड 6896 करोड़ रुपए का आबंटन प्राप्त हुआ है । देश में रेल विकास के लिए किये जा रहे प्रयासों में एक और महत्वपूर्ण कड़ी 12 मार्च को जुड़ेगी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  द्वारा 85 हजार करोड़ रुपए से अधिक की एक स्टेशन एक उत्पाद स्टालों, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों एवं तीसरी व चौथी लाइन से सम्बंधित कार्यों का शिलान्यास/उद्घाटन/राष्ट्र को समर्पण किया जाएगा।
  
इस क्रम में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर मंडल के अकलतरा, बिलासपुर रायगढ़, चांपा, कोरबा, जांजगीर-नैला, उसलापुर, पेंड्रारोड, अनूपपुर, शहडोल, बुढ़ार, विश्रामपुर, सक्ति व अम्बिकापुर स्टेशनों में स्थापित एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉलों, जांजगीर-नैला व पेंड्रारोड स्टेशन में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्रों, बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी लाइन परियोजना के अंतर्गत विभिन्न सेक्शनों में नवनिर्मित चौथी लाइन, अनूपपुर-कटनी तीसरी लाइन परियोजना के अंतर्गत विभिन्न सेक्शनों में नवनिर्मित तीसरी लाइन, बिलासपुर स्टेशन में कोच रेस्टोरेन्ट, वंदे भारत ट्रेन के मेंटेनेंस के लिए अपग्रेटेड पिट लाइन तथा अम्बिकापुर स्टेशन में कोचिंग मेंटेनेंस पिट लाइन का लोकार्पण/शिलान्यास किया जाएगा।

इस अवसर पर अम्बिकापुर स्टेशन में एक स्टेशन एक उत्पाद स्टॉल तथा कोचिंग मेंटेनेंस पिट लाइन का लोकार्पण कार्य भी शामिल है। अम्बिकापुर स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम में स्थानीय विधायक, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य जनता, रेलवे के अधिकारी व रेलकर्मी उपस्थित रहेंगे।


अन्य पोस्ट