सरगुजा

मौसम साफ होने के बाद सरगुजा में घना कोहरा, दृश्यता घटी
16-Feb-2024 8:09 PM
मौसम साफ होने के बाद सरगुजा में घना कोहरा, दृश्यता घटी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,16 फरवरी।
पश्चिमी विक्षोभ और चक्रवाती परिसंचरण के कमजोर पडऩे के साथ ही शुक्रवार की सुबह उत्तर छत्तीसगढ़ के संभाग मुख्यालय अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा में घना कोहरा छाया रहा।

घना कोहरा के कारण दृश्यता 30 मीटर से भी कम हो जाने के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हैड लाइट जलाने के साथ ही वाहनों की रफ्तार काफी धीमी रही। प्रात: काल कोहरे के चलते ठंड का भी एहसास हुआ। वहीं मौसम विभाग के अगले चौबीस घंटे में न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना जताई गई है। 

उत्तर छत्तीसगढ़ के सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर, जशपुर, कोरिया, एमसीबी जिला के मैदानी और पहाड़ी इलाकों में कोहरा छाया रहा। सरगुजा के मैनपाट और बलरामपुर जिला के सामरीपाट में कोहरे का सर्वाधिक प्रभाव देखा गया।

इस सीजन का सबसे घना और लंबी अवधि तक कोहरा छाया
शुक्रवार को सरगुजा में इस सीजन का सबसे घना और लंबी अवधि तक कोहरा छाया रहा। पश्चिमी विक्षोभ का असर समाप्त होने के बाद वातावरण में बनी नमी से कोहरे का प्रभाव शुरू हो गया। सुबह जब लोग उठे तो अंबिकापुर नगर सहित आसपास का इलाका घने कोहरे के आगोश में था।

कोहरा इतना घना था कि सडक़ में 30 मीटर से आगे की चीज दिखाई नहीं दे रही थी। सडक़ में दृश्यता घटने से सुबह आने जाने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। खासकर स्कूल आने जाने वाले बच्चों को ठंड एवं कोहरे के कारण परेशानी हुई। सरगुजा में बारिश और ओलावृष्टि के बाद शुक्रवार को मौसम साफ हुआ तो शहर सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में घना कोहरा छा गया। इस सीजन में पहली बार ऐसा घना कोहरा छाया रहा। सुबह 9.30 बजे के बाद कोहरा का प्रभाव धीरे-धीरे खत्म हो गया।

तापमान में और गिरावट होने की संभावना 
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले 24 घंटे के भीतर न्यूनतम तापमान में और तगड़ी गिरावट होने की संभावना है। सरगुजा में एक बार फिर तापमान के 10 डिग्री से नीचे की जाने की संभावना है। हालांकि आने वाले दिनों में एक बार फिर से नया विक्षोभ सक्रिय होने से मौसम फिर बदल सकता है।

कोहरे के प्रभाव से  अंबिकापुर-बिलासपुर,अंबिकापुर-रामानुजगंज, अंबिकापुर-मनेंद्रगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग सहित अन्य मार्गों में आवागमन कर रहे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।


अन्य पोस्ट