सरगुजा

चिटफंड कंपनी ने की लाखों की ठगी, 2 गिरफ्तार,1 फरार
16-Feb-2024 2:33 PM
चिटफंड कंपनी ने की लाखों की ठगी, 2 गिरफ्तार,1 फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,16 फरवरी।
ग्रामीणों को बोरवेल खनन, जैविक खेती एवं क़ृषि कार्य में आर्थिक लाभ दिलाने के नाम पर पंजीयन शुल्क लेकर ठगी करने के मामले में अंबिकापुर गांधीनगर पुलिस ने चिटफंड कंपनी के 2 आरोपियों को  गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों द्वारा भोले-भाले ग्रामीणों को आर्थिक लाभ का झांसा देकर लाखों की ठगी की गई है। आरोपियों के कब्जे से चिटफंड कंपनी सरगुजा मार्ट प्राइवेट लिमिटेड से सम्बंधित दस्तावेज एवं 2 मोबाइल जब्त किए गए हैं। मामले में एक आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक़ गोड़े पैकरा बलरामपुर ने 28 अक्टूबर 2023 को थाना गांधीनगर आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2021 में उसके गाँव में सरगुजा मार्ट प्रायवेट लिमिटेड कंपनी के एजेंट आये थे, जो उक्त कम्पनी की संचालिका का नाम लता खुटे होना बताकर उनकी कंपनी में रजिस्ट्रेशन कराने पर कंपनी द्वारा ग्रामीण कृषकों को बोर खनन, मुर्गी पालन, पशु पालन व जैविक खेती हेतु आर्थिक सहयोग दिए जाने की बात कही थी।

कृषि उत्पादन हेतु कम्पनी में रुपये जमा करने पर मुनाफा में से 80 प्रतिशत कृषकों को मुनाफा बतौर दिया जाना बताया,जिसके बाद गोड़े पैकरा एवं उसका साथी छबीनाथ पैकरा 4 अप्रैल 2022 को सरगुजा मार्ट प्रायवेट लिमिटेड कंपनी गंगापुर जाकर लता खुटें से मिले जो उपरोक्त जानकारी के विषय में बहुत सी बातें बताकर कम्पनी में रूपये जमा करने पर लाभ होना बताया। जिसके बाद गोड़े पैकरा एवं उसका साथी छबीनाथ पैकरा अपना अपना 2,50,000 रूपये कुल 5,00,000 रूपये लता खुंटे को दिये, जिसके द्वारा स्टाम्प पेपर पर लिखकर दिया गया।

गोड़े पैकरा के अतिरिक्त परिचित रामदयाल उईके भी कम्पनी में 50,000 रूपये नगद जमा किया था।लता खुंटे के द्वारा जमा राशि से लोन की सुविधा भी दी जाएगी बताया गया था, किन्तु लोन या अन्य कृषि सम्बधी सहायता हेतु उसके कार्यालय जाने पर वह कोई न कोई बहाना बनाकर टाल देती थी। इसी बीच रामदयाल उईके को रूपये की आवश्यकता होने पर वह 14 अक्टूबर2022 को कम्पनी के कार्यालय जाकर अपना दिया गया रकम वापस मांगा तो लता खुटे द्वारा उसे 50,000 रूपये का चेक दिया गया जो बाउंस हो गया। जिसके बाद उसके साथी छबीनाथ पैंकरा भी उससे अपना दिया रूपये वापस मांगे, जो लगातार बहाना बनाती थी।

वर्ष 2023 में लता खुंटे ने गोड़े पैकरा एवं उसका साथी छबीनाथ पैकरा को चेक दी जो बाउंस हो गया, इसके बाद वह दोनो लता खुंटे के कम्पनी में कई बार गये जो कोई न कोई बहाना बनाती रहती थी। बाद में उन्हें जानकारी मिली कि लता खुटे फाड किस्म की महिला है जो आसपास के लोगों से लाखों रूपये ठगी कर ली है। 

उक्त महिला आसपास के ग्रामीणों से रजिस्ट्रेशन, मुर्गी पालन, सुवर पालन व अन्य पशुपालन के संबंध में ठगी की है।उक्त सभी की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर पुलिस ने मामले के आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना में लिया था।

पुलिस ने सरगुजा मार्ट प्रायवेट लिमिटेड कंपनी के संचालको की जानकारी ली गई जिसमें राजाराम जगत, जिसु तिर्की एवं लता खुटे कों संयुक्त रूप से कम्पनी का पार्टनर होने की बात जांच मे सामने आई,मामले के आरोपीगण लगातार फरार चल रहे थे जो पुलिस टीम के सतत प्रयास से मामले के आरोपियों के सम्बन्ध मे तकनीकी जानकारी प्राप्त कर आरोपियों की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ की गई।

आरोपियों ने अपना नाम राजाराम जगत निवासी गोर्गी, सूरजपुर, जीसू तिर्की बोदा सरगुजा का होना बताये। आरोपियों से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ किये जाने पर कई ग्रामीणों से ठगी करना स्वीकार किया गया।

आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। आरोपियों के कब्जे से सरगुजा मार्ट प्राइवेट लिमिटेड से सम्बंधित दस्तावेज एवं 2 मोबाइल जब्त किया गया। मामले में आरोपिया लता खुटे वर्तमान में फरार हैं। 
 


अन्य पोस्ट