सरगुजा

राहुल की न्याय यात्रा नफरत फैलाने वाला काफिला- भाजपा
14-Feb-2024 8:24 PM
राहुल की न्याय यात्रा नफरत फैलाने वाला काफिला- भाजपा

कोल ब्लॉक को लेकर कहा कांग्रेस का दोहरा चरित्र आया सामने
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर,14 फरवरी।
भाजपा जि़ला अध्यक्ष ललन प्रताप सिंह की अध्यक्षता में ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सोनी ने संकल्प भवन भाजपा कार्यालय में प्रेस को संबोधित किया।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने अंबिकापुर पहुँचे राहुल गांधी के मोदी विरोधी बयान पर पलटवार करते हुए अखिलेश सोनी ने कहा कि कांग्रेस सांसद राहुल गांधी जिस भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर चल रहे हैं, दरअसल वह नफरत फैलाने वाला काफिला है। भारत जोड़ो के नाम पर समाज को तोडऩे, जाति-पंच और सामाजिक सौहाई में विष घोलने का काम कर रहे हैं।

श्री सोनी ने कहा कि पिछड़ा वर्ग, विशेषकर तेली समाज के प्रति राहुल गांधी खुलेआम अपनी नफऱत प्रदर्शित कर रहे हैं। राहुल गांधी ने सबसे पहले ‘सारे मोदी चोर’ कहकर तेली समाज का अपमान किया जिसके लिए उन्हें सजा भी हुई। फिर उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी को पिछड़ा वर्ग का मानने से इंकार करते हुए उन्हें सामान्य वर्ग का बताया। अभी जो ताजा नफऱती बयान राहुल गांधी ने दिया है, उसमें उन्होंने प्रधानमंत्री पर व्यक्तिगत टिप्पणी करते हुए कहा है कि मोदी चाय बेचें, देश न बेचें।

राहुल गांधी के बयानों के कुछ नमूनों पर प्रकाश डालते हुए आगे उन्होंने कहा कि अब यह एकदम स्पष्ट हो हुआ है कि पिछड़ा वर्ग के प्रति राहुल गांधी के दिल- ओ-दिमाग़ में केवल, और केवल नफऱत भरी पड़ी है।

सोनी ने हसदेव क्षेत्र में परसा कोल ब्लॉक को लेकर बताया कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र सामने आया है, 2007 में इसकी शुरुआत हुई थी वह भी कांग्रेस सरकार के समय। 2018 से 2023 तक कांग्रेस सरकार ने 10 से ज्यादा अनुमति कोयला उत्खनन के लिए दी है।राजस्थान के मुख्यमंत्री खुद छत्तीसगढ़ आए थे और पूर्व सरकार  के साथ मिलकर 18 मिलियन टन कोयला यहां से ले गए हैं। राहुल गांधी यहां के लोगों से मिलकर अपने गलती पर पर्दा डालने का काम कर रहे हैं और दोहरापन की राजनीति कर रहे हैं। इस अवसर पर भाजपा जि़ला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, मनोज गुप्ता, रुपेश दूबे और संजू वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट