सरगुजा

नफरत के बाजार में मुहब्बत की दुकान खोलें - राहुल
13-Feb-2024 8:00 PM
नफरत के बाजार में मुहब्बत की दुकान खोलें - राहुल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
 लखनपुर,13 फरवरी।
नफऱत के बाजार में मुहब्बत की दुकान खोलें। उक्त बातें शायराना अंदाज में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के दौरान सरगुजा जिले के उदयपुर में पहुंचे कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने लोगों को सम्बोधित करते हुए कहा।

अपने यात्रा रूटीन के मुताबिक राहुल गांधी 12 फरवरी को सूरजपुर जिला के ब्लॉक प्रेमनगर  अंतर्गत ग्राम शिवपुर पहुंचे। कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ताओं से रूबरू हुये। यात्रा के दौरान गांधी ब्लॉक उदयपुर के ग्राम पंचायत साल्ही के आश्रित ग्राम हरिहरपुर धरना स्थल पहुंचे, जहां अक्टूबर 2022 से जल, जंगल, जमीन बचाओ के लिए लोग आंदोलन कर रहे आंदोलनकारियों से मिले। 

आंदोलन पर बैठे लोगों ने राहुल गांधी को उतना तव्वजो नहीं दिया और न ही उनके भारत जोड़ो न्याय यात्रा में दिलचस्पी दिखाई। दरअसल, साल 2023 में राहुल गांधी ने आन्दोलन कारियों से मिलने का  वादा किया था। विपक्ष के नेता होने के नाते राहुल गांधी हमेशा अदानी को लेकर प्रहार करते रहते हैं, इसी यकीन को लेकर आंदोलनकारियों ने राष्ट्रीय नेता राहुल गांधी को अपने बीच बुलाया था, लेकिन उस वक्त आंदोलन कर रहे लोगों के बीच राहुल गांधी नहीं पहुंच सके।  जल, जंगल, जमीन बचाने के उन्माद में आंदोलनकारी लोगों ने साढ़े तीन सौ किलोमीटर की  पदयात्रा  कर रायपुर पहुंच पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल एवं राज्यपाल अनुसुईया उईके को ज्ञापन सौंपे थे। लोगों  की मानें तो  राहुल गांधी ने आन्दोलनकारियों को समय नहीं दिया। राष्ट्रीय नेता के इस व्यवहार से खफ़़ा  धरना-प्रदर्शन कर रहे लोगों ने भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होना मुनासिब नहीं समझा।

13 फरवरी दिन मंगलवार को राहुल गांधी का काफिला पौने नौ बजे सरगुजा जिले के ब्लॉक उदयपुर  रामगढ़ चौक पहुंचा, जहां कांग्रेस समर्थकों में उत्साह देखा गया।  भारत जोड़ो न्याय यात्रा कारवां का भव्य स्वागत किया। राहुल गांधी ने कहा - नफऱत  के बाजार में मुहब्बत की दुकान खोलें। जमाने को मोहब्बत से जीता जा सकता है, नफऱत से नहीं। नफऱत कभी खत्म नहीं होता।
 
आगे उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों को गिनाते हुए अदानी, अंबानी, वेदांता, तथा देश के अन्य उद्योग पतियों तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा। स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात किये। इसी तारतम्य में भारत जोड़ो न्याय यात्रा का काफिला करीब 11 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग से होते हुए ब्लॉक  लखनपुर क्षेत्र के नगरपंचायत परिसीमा से गुजरा, जहां कांग्रेसियों ने अपने राष्ट्रीय नेता का तहेदिल से स्वागत किया। 

अपने नेता को देखने सुनने सडक़ किनारे लोगों की काफी भीड़ लगी रही। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया। कारवां चलता रहा और अम्बिकापुर की ओर चलता चला गया।  नगर में राहुल गांधी को सुनने की दिली ख्वाहिश अधूरी  रह गई।  निराशा हाथ लगा।

इस भारत जोड़ो न्याय यात्रा में छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टी. एस.  सिंहदेव, कांग्रेस कमेटी ब्लाक अध्यक्ष कृपा शंकर गुप्ता, विक्रमादित्य सिंह देव, अमित सिंह देव, रणविजय सिंह देव, वीरेंद्र सिंह देव  रमेश जायसवाल, सराफत अली, जगरोपण यादव भूपेंद्र  सहित हजारों कांग्रेसी जन शामिल रहे।


अन्य पोस्ट