सरगुजा

नाका कर्मी से मारपीट कर कोयला चोरी, 4 गिरफ्तार
12-Feb-2024 8:59 PM
नाका कर्मी से मारपीट कर कोयला चोरी, 4 गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 12 फरवरी। सरगुजा जिला के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत अमेरा कोयला खदान में नाका कर्मचारी से मारपीट करने वाले चार आरोपियों को लखनपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

 बताया जा रहा है कि आरोपी नाका कर्मचारियों के मना करने के बाद भी कोयला चोरी कर रहे थे। इसके बाद आरोपियों ने कर्मचारी से मारपीट की थी।

पुलिस ने शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर जान से मारने की नीयत से प्राणघातक हमला करने वाले सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त कोयला पत्थर एवं डंडा जब्त किया है।

पुलिस के मुताबिक़ नाका कर्मचारी प्रार्थी भगवान तिवारी बिश्रामपुर ऑफिसर कॉलोनी, हाल मुकाम अमेरा थाना लखनपुर ने 8 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई कि प्रार्थी प्रतिदिन की भांति अपनी ड्यूटी में तैनात था, तभी दोपहर में आलम साय राजवाड़े एवं उसके अन्य साथी कोयला चोरी करने की नीयत से खदान में आए और प्रार्थी की आँखों में धूल झोककर मारपीट करते हुए जान से मारने की नीयत से सर में प्राणघातक वार किये हैं। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना लखनपुर में आरोपियों के विरुद्ध अपराध दर्ज कर विवेचना मे लिया गया।

लखनपुर पुलिस टीम ने आरोपियों की घेराबंदी कर पकडक़र पूछताछ की। आरोपियों द्वारा अपना नाम आलम साय राजवाड़े , सर्वजीत राजवाड़े, मुकेश राजवाड़े, गुलशन राजवाड़े सभी निवासी पुहपुटरा थाना लखनपुर का होना बताये।

आरोपियों से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर अपराध करना स्वीकार किया। आरोपियों के विरुद्ध अपराध सबूत पाये जाने से गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया। आरोपियों के कब्जे से घटना मे प्रयुक्त कोयला पत्थर एवं डंडा किया गया।


अन्य पोस्ट