सरगुजा

स्मार्ट गर्ल विकसित भारत की आवश्यकता
11-Feb-2024 7:19 PM
स्मार्ट गर्ल विकसित भारत की आवश्यकता

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 11 फरवरी।
आज की परिवर्तनशील समाज में आने वाली चुनौतियों के बारे में जागरूकता पैदा करके हमारी बालिकाओं के लिए एक खुशहाल और सफल भविष्य की तलाश में लड़कियों का सशक्तिकरण एक महत्वपूर्ण अनिवार्यता बन गयी है। 

बालिकाओं के सशक्तिकरण का अर्थ उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र एवं आत्मनिर्भर बनकर सकारात्मक सम्मान प्राप्त करना होगा ताकि वह किसी भी कठिन परिस्थिति का सामना करने में सक्षम हो सके। गत दिवस भारतीय जैन संगठन रायपुर के तत्वाधान में स्वामी आत्मानंद शासकीय अंग्रेजी विद्यालय केशवपुर में दो दिवसीय स्मार्ट गर्ल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 

इस कार्यक्रम का उद्देश्य स्वयं, परिवार, मित्रों, समाज, तकनीक व भविष्य के रिश्तों के बारे में युवा महिलाओं और किशोर बालिकाओं में समझ विकसित करना था। कार्यक्रम का उद्घाटन संस्था के प्राचार्य संतोष साहू ने किया। 

किशोर बालिकाओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आप तर्कसंगत रूप से अपने जीवन के निर्णय लेने हेतु स्वयं में आत्मविश्वास पैदा करें तभी सफलता हासिल होगी। कार्यक्रम को भारतीय जैन संगठन से प्रशिक्षित व्याख्याता सतीश भाई पटेल एवं शिक्षिका संस्कृति श्रीवास्तव ने संचालित किया। 

दोनों दिवस के प्रशिक्षण में सतीश भाई पटेल ने बालिकाओं के स्वजागरूकता, आपस में संवाद और रिश्ते, आत्म सम्मान एवं आत्मरक्षा तथा माता-पिता से खुले संवाद करने हेतु प्रेरित किया। इन्होंने उपस्थित स्मार्ट गर्ल से अपने अनुभव साझा किया और बताया कि अपनी परेशानियों को सुलझाने के लिए ये दूसरों पर पर आश्रित नहीं होते है। वे वर्तमान की चीजों को साथ लेकर चलते हैं न कि पिछली बातों को दोहराते रहते हैं। 

उन्होंने कहा कि स्मार्ट गर्ल विकसित भारत के लिए नितांत आवश्यक है।  प्रशिक्षक संस्कृति श्रीवास्तव ने बालिकाओं को स्वयं को एक अद्वितीय व्यक्ति समझने के लिए संकल्पित किया। उन्होंने आत्मसम्मान बनाए रखने के तरीके पर समझ बनयी, किसी भी निर्णय से पहले सोचना, मासिक धर्म पर वैज्ञानिक जानकारी के साथ-साथ व्यक्तिगत सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के तकनीकी की जानकारी प्रदान की। 

उन्होंने अभिभावक से अपील की कि वे अपनी बेटियों के साथ विशेष भावनात्मक एवं सकारात्मक रिश्ते रखें ताकि उनमें आत्मविश्वास पैदा हो और एक भरोसेमंद पारिवारिक वातावरण का निर्माण संभव हो। 

कार्यक्रम के समापन सत्र पर संस्था के राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता अंचल कुमार सिन्हा ने बालिकाओं को सही उच्च शिक्षा, करियर और जीवनसाथी चुनने के लिए एक विचारशील दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित किया। दोनों दिवस की कार्यशाला में कक्षा छठवीं से बारहवीं तक की बालिकाओं ने उत्साह से भाग लिया। प्रशिक्षण के उपरांत बच्चों ने बताया कि उन्हें यह कार्यक्रम बेहद पसंद आया तथा सीखे गए तकनीक का प्रयोग अपने जीवन कौशल के विकास में करेंगे। 

वह अब स्वयं की कमजोरी को पहचान कर उन्हें दूर करने का सतत प्रयास करेंगे। कार्यक्रम के सफल संचालन में संस्था के सभी शिक्षकों कर्मचारियों का योगदान सराहनीय रहा।


अन्य पोस्ट