सरगुजा

गांधी स्टेडियम में दिये से राम लिख होंगे 1 लाख दीप प्रज्वलित, भगवामय हुआ अंबिकापुर
21-Jan-2024 8:38 PM
गांधी स्टेडियम में दिये से राम लिख होंगे 1 लाख दीप प्रज्वलित, भगवामय हुआ अंबिकापुर

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर भारी उत्साह, आज मनेगी हर घर दिवाली

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 जनवरी। सोमवार 22 जनवरी को अयोध्या में प्रभु श्री रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर अंबिकापुर शहर में जबरदस्त उत्साह है। लोगों ने नगर में स्थित लगभग सभी मंदिरों को सजाया है एवं दिवाली मनाने सभी काफी उत्साहित है।

श्री राम जन्मभूमि उत्सव समिति एवं मोहल्ले के युवाओं ने भगवा पट्टी से पूरे शहर को सजा दिया है, पूरा शहर भगवामय दिख रहा है, वहीं रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के 1 दिन पूर्व स्टेडियम में हजारों की संख्या में महिलाएं पहुंचीं और प्रभु श्री राम का नाम लिखा हुआ एक लाख दिये को सजाया है। गांधी स्टेडियम में सोमवार की शाम 6 बजे लगभग आधे घंटे के भीतर सभी एक लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे।

रविवार को श्री राम जन्मभूमि उत्सव समिति के कार्यक्रम संयोजक नीलेश सिंह ने नगर के गांधी स्टेडियम में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि 21 जनवरी से गांधी स्टेडियम में रामायण पाठ प्रारंभ है, जो 22 जनवरी तक चलेगा। सोमवार 22 जनवरी की सुबह 10 से 11 बजे के बीच पूजा पाठ एवं हवन किया जाएगा, जिसका एलईडी के माध्यम से लाइव प्रसारण ग्राउंड में करेंगे। शाम 4.30 बजे से पहले 1000 से अधिक महिलाओं द्वारा 1 लाख दिया में बत्ती एवं तेल डाला जाएगा।

      शाम 6 बजे 15 से 30 मिनट के भीतर सभी एक लाख दीपक को जलाया जाएगा। शाम को आरती होगी,उसके पश्चात भव्य आतिशबाजी होगी। लेजर लाइट के माध्यम से प्रभु श्री राम का चित्रण दिखाया जाएगा। कृष्ण भगत के द्वारा संध्या को भजन किया जाएगा।

निलेश ने बताया कि एक लाख दीपक में अढ़ाई हजार लीटर तेल लगेगा। प्रभु श्री राम का नाम लिखा हुआ दीये का डिजाइन इंजीनियर शिवम सिन्हा और शांतनु सिंह ने किया है।

प्रेस वार्ता के दौरान निलेश सिंह के साथ विनोद हर्ष,गोल्डी बिहाङे,नकुल सोनकर,रिंकू वर्मा संतोष दास सहित अन्य मौजूद थे।

राम मंदिर से निकलेगी भव्य शोभायात्रा

सोमवार की दोपहर अंबिकापुर नगर के राम मंदिर से भव्य शोभायात्रा श्री राम जन्मभूमि उत्सव समिति, हिंदू परिषद एवं अन्य संगठनों के द्वारा निकाला जाएगा। शोभायात्रा शहर के विभिन्न मार्गो से होकर गुजरेगा, शोभायात्रा का स्वागत  जगह-जगह किया जाएगा।राम रंग में उत्साहित श्रद्धालुओं ने अम्बिकापुर स्थित श्री राम मंदिर को भव्य रूप से सजाया है। राम मंदिर के अलावा सभी मंदिरों में साज सज्जा के साथ भजन कीर्तन और आरती होगा।

जनसामान्य एक अभूतपूर्व पल के साक्षी बनेंगे

अम्बिकापुर के गांधी स्टेडियम में राम के आकार में एक लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। इस अवसर पर जनसामान्य एक अभूतपूर्व पल के साक्षी बनेंगे। नगरवासियों के साथ मिलकर रामलला की आरती की जाएगी, साथ ही लेजर शो के जरिए भगवान राम की जीवन चरित्र का वर्णन किया जाएगा।

 इसी तरह श्री राम मंदिर से शोभा यात्रा का आयोजन भी किया गया है, जो श्रद्धालुओं के साथ गांधी स्टेडियम तक पहुंचेगी। शहर में ही नवापारा चर्च के पास बजरंग मैदान में भी कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। गणपति धाम, हाथी पखना में अखंड रामायण का पाठ किया जायेगा। रामलला प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को यादगार बनाने के लिए नगरवासियों के साथ मिलकर विभिन्न भव्य आयोजन किए जा रहे हैं। साथ ही पूरे जिले में मंदिरों में साज-सज्जा की जा रही है। मंदिरों दीप प्रज्वलित करने के साथ ही भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।


अन्य पोस्ट