सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 जनवरी। फर्जी लिंक भेजकर क्रेडिट कार्ड से ठगी करने के मामले में बतौली पुलिस एवं साइबर सेल ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए झारखंड के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल एवं ठगी की गई राशि लगभग 229000/- रुपये नगद बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक़ प्रार्थी शिवप्रसाद सिंह चिरगा थाना बतौली ने 3 जनवरी को थाना बतौली आकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 28 दिसंबर 2023 को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा प्रार्थी के नंबर पर कॉल कर एक अनजान लिंक भेजा गया, जिसे प्रार्थी द्वारा टच करने पर प्रार्थी का मोबाइल हैंग हो गया एवं कुछ देर बाद क्रेडिट कार्ड से लगभग 239000/- रुपये की निकासी होने का मैसेज प्राप्त हुआ। उक्त अज्ञात व्यक्ति द्वारा फर्जी लिंक भेजकर क्रेडिट कार्ड से ठगी कर अलग-अलग ट्रांजेक्शन में लगभग 239000/- रूपये की ठगी की गई।
पुलिस आरोपी के सम्बन्ध में साइबर सेल से तकनीकी जानकारी प्राप्त कर संयुक्त पुलिस टीम को अग्रिम वैधानिक कार्यवाही हेतु गिरिडीह झारखण्ड रवाना किया गया था। पुलिस टीम द्वारा मामले के आरोपी का पता तलाश कर पूछताछ किया गया, जो आरोपी द्वारा अपना नाम विक्की ठाकुर (25 वर्ष) झारखण्ड का होना बताया।
आरोपी से घटना के सम्बन्ध में पूछताछ करने पर घटना करना स्वीकार किया गया। आरोपी के कब्जे से ठगी गई रकम लगभग 229000/-रुपये नगद एवं घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल बरामद किया गया। मामले में आरोपी के विरुद्ध धारा 41 (ए) सी.आर.पी. सी. के निहित प्रावधानों के अनुसार अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।