सरगुजा

अंबिकापुर के करीब पहुंचा हाथी दल, गांवों में दहशत
31-Dec-2023 9:45 PM
अंबिकापुर के करीब पहुंचा हाथी दल, गांवों में दहशत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 31 दिसंंबर। लुण्ड्रा वन परिक्षेत्र के उदारी जंगल की ओर से 27 हाथियों का दल अंबिकापुर शहर के बेहद करीब बाकी बांध के नीचे गंझाडांड जंगल में पहुंच गया है।

हाथियों के पहुंचने से ग्राम बधीयाचुआ, गंझाडांड, खैरबार के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। वन विभाग एवं पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है। वन विभाग  ग्रामीणों को हाथियों से दूर रहने घूम-घूम कर मुनादी कर रहे हैं। शहर से करीब होने की वजह से पुलिस और वन विभाग अलर्ट है।

27 हाथियों का दल अंबिकापुर और लुण्ड्रा  वन परिक्षेत्र के सीमा पर है, जिसकी वजह से अंबिकापुर वन विभाग व लुन्ड्रा वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाइश दे रहे हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि हाथियों का यह दल रविवार की रात बाकी डेम से खैरबार बधीयाचुआ होते निकल जाएगा।

अंबिकापुर शहर में भी हाथियों के घुसने का अंदेशा है, जिसे देखते हुए वन विभाग पूरी तरह मुस्तैद है एवं हाथियों के हर मूवमेंट पर निगरानी कर रहे हैं। वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि वन विभाग  मुनादी कर निकल जाते हंै,जिसकी वजह से ग्रामीण रतजगा करने को मजबूर हंै।

गौरतलब है कि जंगली हाथियों का दल गत 7 दिनों पूर्व धौरपुर वन परिक्षेत्र में प्रवेश किया था। धौरपुर के डंडगांव जंगल में कई दिनों तक रहने के बाद हाथियों का यह दल शुक्रवार की सुबह से ही चेन्द्रा रनघाघ पहुंचा था।

हाथियों का यह दल बाकी डैम के नजदीक पहुंच गया था, उसके बाद यह दल ग्राम बांसा की ओर चला गया था। बांसा की ओर से हाथियों का दल उदारी जंगल पहुंच गया  था। उसके पश्चात हाथीदल पुन: यह दल बाकी डेम के नीचे पहुंच गया है, जिससे आसपास सहित अंबिकापुर शहर के लोगों में भी भय का माहौल है।

हाथियों की निगरानी में लुन्ड्रा वन विभाग एवं अंबिकापुर वन विभाग की 7 टीम लगी हुई है। ग्रामीणों को समझाइश दी जा रही है कि वह हाथी से दूर रहें एवं हाथियों को किसी तरह से भी परेशान न करें,जिससे वह सुरक्षित जंगल के रास्ते अपने मार्ग से निकल सकें।


अन्य पोस्ट