सरगुजा

स्कूली बच्चों ने किया जबलपुर का शैक्षणिक भ्रमण
30-Dec-2023 9:03 PM
 स्कूली बच्चों ने किया जबलपुर का शैक्षणिक भ्रमण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 30 दिसंबर। एसएमपी एजुकेशनल एंड चैरिटेबल मैनेजमेंट सोसायटी अंबिकापुर द्वारा संचालित मॉडर्न कान्वेंट स्कूल के कक्षा 8वीं से 12वीं तक के 50 छात्र-छात्राओं के दल ने क्रिसमस की छुट्टियों में जबलपुर का तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण किया।

 स्कूल की प्राचार्य श्वेता सिन्हा ने बताया कि 26 दिसंबर की सुबह सभी बच्चे ट्रेन से जबलपुर के लिए रवाना हुए। वहां पहुंचकर विद्यार्थियों ने कचनार सिटी में शंकर जी की प्रतिमा देखी। जब नर्मदा आरती में बच्चे शामिल हुए तो भारतीय आस्था और परंपरा की अद्भुत अनुभूति लिए हुए वापस आए।

दूसरे दिन की शुरुआत संस्कारधानी के मशहूर झरने धुआंधार की सैर के साथ हुई। निर्मल नर्मदा का पानी चट्टानों के बीच से गिरता हुआ अप्रतिम प्रतीत हो रहा था। साथ ही रोप-वे के सफर ने इसे बहुत ही खूबसूरत बना दिया था।

भेड़ाघाट का नौका विहार और संगमरमर की चट्टानों को देखकर बच्चे बहुत ही उत्साहित हो गए और नाविक की मजेदार कमेंट्री सुनकर खूब खुश हुए।

छात्र-छात्राओं ने शाम को बरगी डैम में क्रूज़ में नाच-गाकर खूब धमाल मचाया। जबलपुर भ्रमण के तीसरे दिन बच्चे रानी दुर्गावती संग्रहालय घूमे वहां कलचुरी शासन काल की मूर्तियां सिक्के बर्तन हथियार आदि नवमी और दसवीं शताब्दी के काल और संस्कृति का प्रदर्शन कर रही थी। मूर्तियों पर बारीक नक्काशी कार्य देखकर बच्चों को अपने इतिहास पर बहुत गर्व हुआ। शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थी जिन चीजों के बारे में किताबों में पढ़ते हैं उन्हें असल जिंदगी में देखने का मौका पाते हैं। यह शिक्षा का उत्कृष्ट रूप है सफल शैक्षणिक भ्रमण के लिए प्राचार्य महोदया ने शिक्षकों एवं बच्चों को बधाई दी।


अन्य पोस्ट