सरगुजा

60 करोड़ की जमीन के फर्जी नामांतरण का आरोप, कलेक्टर से शिकायत, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
30-Dec-2023 9:01 PM
60 करोड़ की जमीन के फर्जी नामांतरण का आरोप, कलेक्टर से शिकायत, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 30 दिसंंबर। अंबिकापुर शहर के नमनाकला राजमोहिनी देवी के पीछे बेशकीमती जमीन का घोटाला का मामला सामने आया है। नियम विरुद्ध तरीके से 60 करोड़ रूपये की भूमि का फर्जी तौर से नामांतरण कर दिया गया। जिस व्यक्ति के नाम जमीन का नामांतरण किया गया, उसका कब्जा कभी भी उस जमीन पर नहीं था, लेकिन चार करोड़ रूपये की सेटिंग में कुछ कर्मचारियों ने फर्जी तरीके से जमीन का नामांतरण कर दिया।

 नामांतरण से पहले ही जमीन पर दूसरे लोगों का निर्माण था। राजस्व अभिलेखों में नाम अंकित होते ही संबंधित व्यक्ति ने उक्त जमीन को नियम विरुद्ध तरीक़े से बेचना भी शुरू कर दिया है। मामले में नजूल अधिकारी कार्यालय के एक लिपिक तथा नमनाकला के हलका पटवारी की भूमिका संदिग्ध है। मामले की शिकायत मनीष सिंह ने कलेक्टर सरगुजा से की है।

कलेक्टर को प्रेषित ज्ञापन में मनीष सिंह ने आरोप लगाया है कि नगर अम्बिकापुर में राज मोहनी भवन के पास खसरा नंबर 243 स्थित है। उक्त भूमि पूर्व में 111.40 एकड़ भूमि थी। जो कालांतर में शासकीय प्रयोगों के लिए उपयोग में लाई गई और कुछ भूमि पर शासन के द्वारा पट्टा प्रदान किया गया तथा इसी से संबंधित भूमि पर व्यवहारवाद क्रमांक 41-ए-90 निर्णय दिनांक 23.09.1991 विचाराधीन था। जिस पर निर्णय पारित किया गया है और वर्तमान में उक्त भूमि का प्रकरण माननीय उच्च न्यायालय, बिलासपुर में विचाराधीन है। उक्त भूमि वर्तमान नक्शे में दत्ता कॉलोनी की भूमि खसरा नंबर 243 को भूमि डिग्री भूमि 233 के भाग में फर्जी तौर से समाहित कर नक्शा तैयार किया गया है। जबकि 233 खसरा नंबर भूमि का प्रकरण व्यवहारवाद में विचाराधीन था।

जिसका अभी निराकरण नहीं हो पाया था। इसी दौरान तात्कालीन नजूल अधिकारी, अंबिकापुर के न्यायालय में भू- माफिया द्वारा बंशु आ0 भुटकुल निवासी-फुन्दुरडिहारी, अंबिकापुर जिला सरगुजा के माध्यम से एक राजस्व प्रकरण. / अ-6/2021-22 में दिनांक 06.10.2022 को आदेश पारित किया गया है कि बंशु आ0 भुटकुल के द्वारा नजूल भूमि खसरा नंबर 154, 243/10 रकबा क्रमश: 0.934, 1.710 भूमि का पट्टा तहसीलदार अंबिकापुर द्वारा राजस्व प्रकरण क्रमांक 1967-68 आदेश दिनांक 15.04.1968 के माध्यम से मोहल्ला नमना कला स्थित नजूल भूमि भू खण्ड क्रमांक खसरा नंबर 154, 243/10 रकबा क्रमश: 934, 1.710 का पट्टा प्रदान किया गया है। किन्तु राजस्व अभिलेखों में नाम विलोपित हो गया है।

उक्त आदेश में तात्कालीन नजूल अधिकारी के द्वारा यह उल्लेखित किया है कि राजस्व प्रकरण क्रमांक 107/ अ-19/1967-68 आदेश दिनांक 15.04.1968 के अनुसार अंबिकापुर स्थित भूमि खसरा नंबर 243/10 रकबा 4.25 एकड़ भूमि बंशु आ0 भुटकुल लोहार को भूमि प्राप्त हुई।

खसरा पंचशाला वर्ष 1967-68 से वर्ष 1972-73 के पन्ने में 241 के बाद  243 /11 के बीच का पन्ना 89 एव 90 नही पाया गया, जिसके आभाव में खसरा कमाक 243/10 के स्वामित्व के संबंध में उल्लेखित नहीं किया जा सका।

जो यह प्रमाणित करता है, कि उक्त वर्ष के खसरा पंचशाला में उसका नाम दर्ज नहीं है, जिस कारण से उक्त खसरा पंचशाला पृष्ट क्रमांक 89 व 90 को फाड़ कर हटा दिया गया है ताकि सच्चाई प्रदर्शित न हो सके और फर्जी तौर से आगे के पन्नों में नाम उल्लेखित करने का लेख आदेश में किया गया है। पूरे मामले में नगर के कुंडला सिटी निवासी मनीष सिंह उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

अवैध प्लाटिंग कर 15-15 लाख रुपये प्रति डिसमिल में बेचने का आरोप

मनीष सिंह ने आरोप लगाया कि तत्कालीन नजूल अधिकारी तथा नजूल अधिकारी के लिपिक तिवारी एवं हल्का पटवारी गणेश मिश्रा द्वारा मिलकर शासन की 60 करोड़ रूपये की भूमि का 4 करोड़ रुपये का तीनों ने मिलकर भू-माफियाओं से अवैध धन की उगाही कर भ्रष्टाचार कर नियम विरुद्ध शासकीय भूमि को बंशु आ. भुटकुल के नाम दर्ज करने का आदेश दिनांक 06.10.2022 को पारित करवा कर उक्त भूमि को अवैध प्लाटिंग कर 15-15 लाख रूपये प्रति डिसमिल से विक्रय किया जा रहा है। यह बहुत बड़ा खेल भू-माफियाओं से मिलकर किया गया।

घनी आबादी की भूमि पर कब्जा बताया

शिकायत में बताया गया कि उक्तभूमि वर्तमान में कई लोग निवासरत है तथा घनी आबादी की भूमि है, उस पर उसका कब्जा बताया जा रहा है तथा यह भी उल्लेखित किया जा रहा है कि चालू नक्शे के अनुसार भू- खण्ड कमांक 243/10 में आवेदक का कभी कब्जा नहीं रहा है। उसका चालू नक्शे के अनुसार 243/1 रकबा 38 एकड़, 15 डिसमिल जोकि शासकीय नजूल भूमि का भाग है जो मौके पर खुली एवं परत भूमि है। उस भूमि पर कब्जा होने के कारण उसे 243/10 जोकि राजस्व भूमि बतायी गई थी, के स्थान पर 243/1 में से रकबा 1.710 हेक्ट0 यानी 4 एकड़, 25 डिसमिल भूमि नजूल का नामांतरण किया जाना उचित प्रतीत होने से नाम दर्ज करने का आदेश दिया गया है। यह कैसे संभव है, कि किसी को यदि कोई पट्टा राजस्व भूमि का 243/10 का यदि मिला भी होगा तो उसे उसके स्थान पर 50 साल के बाद नया भू-खण्ड 243/1 मे से 04 एकड़, 25 डिसमिल भूमि नाम दर्ज करने का आदेश दे दिया जाये साथ ही उसे राजस्व भूमि की तरह संबंधित अधिकारी ने भू माफियाओं से मिलकर तत्काल बेचने के उद्देश्य से दिनांक 07.10.2022 का नवीन संशोधन का उल्लेख करते हुए उसे 20 वर्ष पूर्ण करने के आधार पर भू स्वामी अधिकार भी प्रदान कर दिया है। जबकि उक्त भूमि नगर सीमा से सटी हुई है, जिसके अनुसार वह भूमि राजस्व पुस्तक परिपत्र के अनुसार किसी भी परिस्थिति किसी को 01 वर्ष से के लिए कृषि कार्य से अतिरिक्त पट्टे पर प्रदान नहीं की जा सकती। साथ ही यह उल्लेखनीय है कि उक्त भूमि सरगुजा स्टेट सेटेलमेंट के अनुसार गोचर मद में दर्ज है, जिसका किसी भी स्थिति में पट्टा प्रदान नही किया जा सकता है।


अन्य पोस्ट