सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 29 दिसंबर। जिले के उदयपुर विकासखंड में अदाणी फाउंडेशन द्वारा शिशु महतारी जतन जाग्रति अभियान की शुरुआत अप्रैल माह से की गयी है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं में स्वास्थ्य और स्वच्छता को बढ़ावा देना, नवजात शिशुओं की माताओं को स्तनपान कराने का सही तरीका सिखाना और सुरक्षित मातृत्व प्रदान करना है।
इस अभियान में परसा, बासन, साल्ही, घाटबर्रा, हरिहरपुर, फतेहपुर, तारा, जनार्दनपुर, शिवनगर और गुमगा सहित 15 गांवों के आंगनबाड़ी केंद्रों में 352 नवजात शिशुओं और गर्भवती तथा शिशुवती महिलाओं ने भाग लिया।
इन महिलाओं को स्वच्छ कपड़ों और स्वास्थ्यकर प्रथाओं के उपयोग, जीवाणु संक्रमण, त्वचा संक्रमण और मौसमी बीमारियों के प्रति संवेदनशीलता के उन्मूलन, बच्चे के जन्म के बाद परिवार के लिए जरूरी चीजों, माँ और बच्चों के लिए एहतियाती तौर-तरीकों, सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) कार्यक्रमों के रूप में स्वास्थ्य और स्वच्छता गतिविधियों को बढ़ावा देने आदि के बारे में जानकारी दी गई।
डॉ. पूजा पांडेय के नेतृत्व में यह कार्यक्रम गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को महत्वपूर्ण प्रसव पूर्व और प्रसव बाद की देखभाल प्रथाओं के बारे में शिक्षित करता है। कार्यक्रम में शामिल हुई 352 शिशुवती माताओं को विशेष जच्चा बच्चा किट का वितरण किया गया। जच्चा बच्चा किट में दी गई आवश्यक वस्तुएं जैसे, बेबी सोप, बेबी शैम्पू, बेबी पाउडर, बेबी मसाज ऑयल, बेबी टॉवल, बेबी कंबल और बेबी कपड़े नवजात शिशुओं और उनकी माताओं की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान देता है। इस कार्यक्रम का सफल आयोजन स्थानीय आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और फील्ड स्टाफ के सहयोग एवं अदाणी फाउंडेशन की टीम के समग्र प्रबंधन में हुआ।
आरआरवीयूएनएल की ओर से अदाणी फाउंडेशन द्वारा वैश्विक स्तर पर सामाजिक उत्तरदायित्व निर्वहन के लिए संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा जारी सतत विकास लक्ष्य (एसडीजी) के सुझावों में शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका उन्नयन तथा अधोसंरचना के कई कार्यक्रम संचालित किए जाते हैं, जिसके अंतर्गत सभी उम्र के लोगों के लिए अच्छी स्वास्थ्य सेवाओं की आपूर्ति गुणवत्तापूर्ण जीवन सुनिश्चित करना है।