सरगुजा
बाइक चलाना सीख रहे थे
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर/बतौली, 26 दिसंंबर। सरगुजा जिला के अंबिकापुर-सीतापुर नेशनल हाईवे पर बतौली के समीप झुरी तालाब लालमाटी के समीप मंगलवार सुबह कोहरे के बीच भीषण सडक़ हादसे में दो नाबालिग दोस्तों की जान चली गई। हादसे के बाद सडक़ पर दोनों का शव बिखरा पड़ा था। इसकी जानकारी होने पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। बतौली पुलिस थाना प्रभारी चंद्र प्रताप तिवारी अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर तत्काल पहुंचे, तब तक आरोपी ट्रक चालक फरार हो चुका था।
मंगलवार सुबह बतौली के भट्टको निवासी हेमंत पिता हरिभजन (15 वर्ष) अपने दोस्त से मिलने घर से 6 बजे सुबह निकाला। वह अपने दोस्त शांतिपारा निवासी अमरिकन पिता संजीवन (14 वर्ष) के साथ बाइक क्रमांक सीजी 15 डी वी 9067 से राष्ट्रीय राजमार्ग 43 लालमाटी की ओर आ रहा था, तभी सीतापुर तरफ से आ रही अज्ञात ट्रक द्वारा सामने से बाइक सवार दोनों दोस्तों को रौंद दिया , जिससे दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद दोनों नाबालिग लडक़ों का शव सडक़ पर बिखरा पड़ा था। घटना पश्चात सडक़ पर जाम लग गया था। बतौली थाना प्रभारी चंद्र प्रताप तिवारी अपनी टीम के साथ आकर शव को उठाकर पोस्टमार्टम हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली भेजा गया, तब जाकर आवागमन बहाल हुआ।
दुर्घटना में बाइक के परखच्चे उड़ गए, वहीं दोनों के शव देख लोगों के दिल दहल गये। घटनास्थल पर बाइक के पार्ट्स बिखरे पड़े थे और घटनाकारी ट्रक का बंपर टूटकर गिरा हुआ था। संभवत: घटना 6.30 बजे की बताई जा रही है। दोनों दोस्त शांतिपारा मिशन स्कूल में कक्षा सातवीं और आठवीं के छात्र थे, जिन्हें बाइक चलाने का शौकीन था और बाइक चलाना भी सीख ही रहे थे।
ग्रामीणों ने बताया कि लालमाटी की ओर आ रहे दोनों बाइक सवार दोस्त ट्रक को ओवरटेक कर निकल रहे थे, तभी सीतापुर तरफ से आ रही ट्रक ने लापरवाही पूर्वक दोनों बाइक सवारों को रौंद दिया। घटना पश्चात ट्रक मौके से फरार हो गया, जिसकी सूचना थाना प्रभारी द्वारा जिला सहित विभिन्न क्षेत्रों में दे दी गई है। ट्रक पुलिस गिरफ़्त से बाहर है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जैसे ही घटना की जानकारी परिजनों को मिली। घटना स्थल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लोगों का भीड़ लग गई और दोनों नाबालिगके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गटया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करा शव परिजनों को सौंप दिया है।