सरगुजा

आगजनी में बचाई 4 की जान, अरनव सिंह को एसपी ने किया सम्मानित
22-Dec-2023 7:59 PM
आगजनी में बचाई 4 की जान, अरनव सिंह को एसपी ने किया सम्मानित

वीरता पुरस्कार के लिए नाम प्रस्तावित करने दिया आश्वासन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 22 दिसंंबर।
दीपावली की रात मणिपुर चौकी के बगल में स्थित डंपिंग यार्ड में भीषण आगजनी में 4 लोगों की जान बचाने व अन्य बहुमूल्य सम्पत्ति को बचाने पर सरगुजा एसपी सुनील शर्मा ने अरनव सिंह को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया है एवं वीरता पुरस्कार हेतु नाम प्रस्तावित करने का भी आश्वासन दिया है।

घटना वर्ष 2023 में दीपावली की रात लगभग 1 बजे का था, जब डंपिंग यार्ड में भीषण आग लग गई थी और दूर-दूर तक कोई भी व्यक्ति नहीं था। घटना स्थल पर आग के साथ दूषित धुआं भी तेजी से फैल रहा था। घटना स्थल के पास कई मोटर गैरेज हंै तथा वहां आस-पास कई गाडिय़ां भी खड़ी हुई थीं। कई छोटी-बड़ी दुकानें भी थीं। डॉपिंग यार्ड के रिसायकल सेंटर में चौकीदार सो रहा था, गैराज में भी कुछ लोग सो रहे थे।

इस दौरान आसन्न खतरे को देखते हुये अपनी जान की परवाह न करते हुए अरनव सिंह मां/बाप के मना करने के बावजूद स्वच्छता पार्क के मेन गेट को फांदकर अंदर गया।

रिसायकल सेंटर तक आग की तेज लपटें पहुंच चुकी थी, कचरा प्लास्टिक थर्माकोल एवं वेस्ट मटेरियल के जलने के कारण धुआं काफी जहरीला हो गया था एवं सांस लेने में दिक्कत होने के बावजूद (प्रदूषण से एलर्जिक अस्थमा होने के कारण) लगातार दरवाजा खटखटाया और प्रशासन का सहयोग लेकर राहुल नामक चौकीदार को सुरक्षित बाहर निकलवाया। इसी दौरान जमाल डीजल गैरेज में सो रहे तीन व्यक्ति  फैजान रजा 18 वर्ष, अरसद रजा 16 वर्ष एवं एक ट्रक ड्राइवर के जीवन की रक्षा में भी अपना सहयोग दिया।

 घटना स्थल पर आग अनियंत्रित हो जाने के कारण स्वच्छता पार्क के विद्युत ट्रांसफार्मर में भी आग लगने से ब्लास्ट हो गया तथा आस-पास अंधेरा छा गया। स्वच्छता पार्क के रिसाइकिल सेंटर की 60-70 लाख की मशीनें भी जलकर खाक हो गई, लेकिन अरनव सिंह की सूझबूझ और तत्परता से जान का नुकसान होने से बचा गया।

एस.पी. सुनील शर्मा रात्रि 1 बजे से सुबह 6 बजे तक मौके पर उपस्थित रहे तथा अरनव कुमार भी अपने परिजनों के साथ ही मौके पर उपस्थित रहे। अग्निशामक दल के सदस्यों, पुलिस बल तथा स्थानीय लोगों के सामूहिक प्रयास से लगभग 6 घंटे के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका।

इस पूरे घटनाक्रम में अरनव सिंह की सूझबूझ एवं बहादुरी के साथ लोगों के जीवन को बचाने एवं अन्य बहुमूल्य सम्पत्ति को बचाने में जो तात्कालिक विवेक एवं समझदारी तथा साहसिकता का उदाहरण प्रस्तुत किया है। 

19 दिसंंबर को एस.पी. सुनील शर्मा द्वारा अरनव को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया एवं ‘वीरता पुरस्कार’ के लिए नाम प्रस्तावित करने का आश्वासन दिया गया है।


अन्य पोस्ट