सरगुजा

परसा ईस्ट और केते बासेन कोल परियोजना के लिए 91 हे. के 15307 पेड़ों की होगी कटाई
21-Dec-2023 8:42 PM
परसा ईस्ट और केते बासेन कोल परियोजना के लिए 91 हे. के 15307 पेड़ों की होगी कटाई

भारी पुलिस बल के बीच पेड़ों की कटाई शुरू, आंदोलनकारियों को रोका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर, 21 दिसंंबर। विकास अपने साथ विनाश लेकर आकर आता है, इस कहावत को आज चरितार्थ होता हुआ उदयपुर वन परिक्षेत्र के लोगों ने अपने आंखों से देखा है। राजस्थान राज्य वि़द्युत उत्पादन निगम लिमिटेड को आबंटित और अदानी कंपनी द्वारा संचालित कोल परसा ईस्ट एवं केते बासेन कोल परियोजना के लिए पेड़ों की कटाई का काम जोर शोर से चल रहा है।

गुरुवार को सुबह से ही हरिहरपुर, साल्ही, घाटबर्रा, फत्तेपुर, बासेन और परसा में पुलिस बल, वन अमला व राजस्व अमला की चहलकदमी प्रारंभ हो गई थी। खदान की ओर जाने वाले हर रास्ते पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। साल्ही मोड़ व बासेन से परसा जाने वाले रास्ते में चेक पोस्ट बनाकर हर आने जाने वाले लोगों से पूछताछ किया जाने लगा। पूरी तरह आश्वस्त होने पर कि यह शख्स जंगल की ओर नहीं जायेगा, उसे आगे जाने दिया गया। शेष लोगों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही थी।

सुबह करीब 10 बजे सैकड़ों की संख्या में वन राजस्व पुलिस व पेड़ों की कटाई में लगे लोग अंदर घुसे और पेंड़ों की कटाई शुरू किये। वन विभाग द्वारा बताया गया कि कोल क्षेत्र हेतु 91 हे. के 15307 पेड़ों की कटाई होगी।

  पेड़ों की कटाई की भनक लगते ही आंदोलनकारी व प्रभावित ग्राम के ग्रामीण भी धरना स्थल हरिहरपुर व पेड़ कटाई स्थल घाटबर्रा पेंड्रामार के जंगल जाने लगे। पुलिस बल की लाख कोशिशों के बावजूद ग्रामीण कटाई स्थल तक पहुंच कर पेड़ों की कटाई रोकने की कोशिश किये परंतु उनकी यह कोशिश नाकाम रही ।

  रेंजर लाल चंद लकड़ा ने बताया कि कक्ष क्रमांक 2003, 2004, 2005 एवं 2006 में चार अलग-अलग टीमों द्वारा पेड़ कटाई की जा चुकी है, काटे गए पेड़ों की गिनती का कार्य जारी है।

    कुछ आंदोलनकारियों रामलाल, जयनंदन सरपंच घाटबर्रा, ठाकुर राम व अन्य को पुलिस उनके घर से बातचीत के नाम पर उठाकर ले जाया गया। आंदोलनकारियों के लीडरों को पुलिस द्वारा उठाकर ले जाने का वीडियो बनाकर ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वायरल किया है जिसमें साफ प्रतीत हो रहा है कि उन्हें जबरन ले जाया गया है।

 धरना स्थल हरिहरपुर में आंदोलनरत ग्रामीणों ने पेड़ों की कटाई व आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी का जमकर विरोध करते हुए उनकी तत्काल रिहाई की मांग की है।

खदान शुरु होने से बेरोजगार युवा हुए उत्साहित

राजस्थान सरकार की परसा ईस्ट कांता बासेन (पीईकेबी) खदान के नियमित संचालन की खबर मिलने से यहां के बेरोजगार युवा उत्साहित हैं। जहां एक ओर उन्हें उनका रोजगार फिर से मिलेगा तो वहीं जिले सहित प्रदेश सरकार को कई महीनों से हो रहे करोड़ों रुपए के राजस्व के नुकसान से भी मुक्ति मिल जाएगी।

उदयपुर प्रखण्ड के अंतर्गत जिले की एक मात्र खदान के नियमित संचालन के लिए ग्राम पंचायत परसा, साल्ही, बासन, फतेहपुर, घाटबर्रा, जनार्दनपुर, हरिहरपुर सहित कुल 14 गांवों के स्थानीय युवाओं द्वारा गत 200 से भी अधिक दिनों से धरने पर बैठे हुए थे, वहीं जब उन्हें इस खदान की सभी बाधाओं को दूर कर खदान के नियमित संचालन के प्रयासों की खबर लगी तो वे काफी खुश थे।

आदित्येश्वर ने कलेक्टर को लिखा पत्र

जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने कलेक्टर सरगुजा को पत्र लिख कर कहा है कि उदयपुर जनपद में स्थित पीईकेबी-2 कोयला खदान क्षेत्र में पेड़ों की कटाई की कार्यवाही की जा रही है। साथ ही यह भी खबर आयी है कुछ लोगों को पुलिस की निगरानी एवं हिरासत में रखा जा रहा है। आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने पत्र में कलेक्टर सरगुजा से कहा है कि मैं आपको अवगत कराना चाहूंगा कि इस क्षेत्र में परसा कोल ब्लॉक(पीकेबी), जो कि पीईकेबी-2 के साथ लगी हुई है, को लेकर आंदोलन की स्थिति उत्पन्न हुई थी जिसके उपरांत 2022 में छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्ताव भी पारित किया गया था।वर्तमान में जिला प्रशासन द्वारा की जा रही कार्यवाही से क्षेत्र में असमंजस की स्थिति उत्पन्न है। आपसे अनुरोध है कि कुछ बिन्दूओं पर संज्ञान लेंगे। आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने पांच बिन्दूओं के माध्यम से उक्त कार्यवाही को लेकर क्षेत्र में स्थिति स्पष्ट करने की बात कही है।

उन्होंने पत्र में कहा है कि परसा कोल ब्लॉक(पीकेबी) एवं पीईकेबी-2 की परिसीमा का सीमांकन किया जाये ताकि प्रभावित क्षेत्र के निवासियों को स्पष्ट हो कि जिला प्रशासन द्वारा किस वन क्षेत्र में कार्यवाही की जा रही है। इससे असमंजस की स्थिति कम होगी।

प्रभावित क्षेत्र के निवासियों से संवाद स्थापित कर उन्हें विश्वास में लेकर जिला प्रशासन द्वारा कार्यवाही करना उचित होगा। साथ ही प्रभावित क्षेत्र के निवासियों को पुलिस की निगरानी या हिरासत में ना रखा जाये ताकि स्थानीय लोगों को यह महसूस ना हो कि जिला प्रशासन द्वारा दबाव बना कर कार्यवाही की जा रही है। यह लोकतांत्रिक भावनाओं के अनुरूप होगा।विस्थापित ग्रामीणों को पुर्नवास के कारण कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, उसके निराकरण के साथ ही पुर्नवास क्षेत्र के मुलभूत सुविधाओं पर भी जिला प्रशासन द्वारा ध्यान दिया जाये।

पीईकेबी-2 खदान से उत्पन्न होने वाले रोजगार में प्रभावित क्षेत्र एवं स्थानीय निवासियों को ही रोजगार दिया जाये साथ ही पहले से काम करने वालों को जल्द वापस रोजगार उपलब्ध कराया जाये।

यह पुरा क्षेत्र हसदेव अरण्य क्षेत्र अंतर्गत आता है, जिसे छत्तीसगढ़ राज्य के फेफड़े के रूप में सम्बोधित भी किया जाता है। जिसके संरक्षण एवं संवर्द्धन के लिये न सिर्फ स्थानीय निवासी बल्कि राज्य के अलग-अलग क्षेत्रों के लोग भी आवाज़ उठाते रहते हैं। ऐसी स्थिति में इस बात का भी ध्यान रखना जरूरी है कि केवल उतनी ही कार्यवाही उस क्षेत्र में की जाये जितनी आवश्यकता हो, ताकि भविष्य को देखते हुए पर्यावरण भी सुरक्षित रहे। पांच बिन्दूओं के माध्यम से हसदेव अरण्य क्षेत्र के पुरे मामले को संज्ञान में लेते हुए जरूरी कार्यवाही की मांग पत्र के माध्यम से जिला पंचायत उपाध्यक्ष आदित्येश्वर शरण सिंह देव ने कही है।


अन्य पोस्ट