सरगुजा

भाजपा ने राहुल का पुतला फूंका
21-Dec-2023 8:40 PM
भाजपा ने राहुल का पुतला फूंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 दिसंंबर। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के विरुद्ध टीएमसी सांसद की आपत्तिजनक मिमिक्री करने तथा कांग्रेस सांसद राहुल गांधी द्वारा वीडियो बनाकर उपराष्ट्रपति का मजाक बनाये जाने के विरोध में भाजपा नगर मंडल आम्बिकापुर द्वारा भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह के नेतृत्व में आज घड़ी चौक में सांसद राहुल गाँधी का पुतला दहन किया गया।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी और टीएमसी सांसद के कृत्य पर कड़ी आपत्ति दर्ज करायी।

भाजपा जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह ने कहा कि कॉंग्रेस सांसद राहुल गांधी और उनके परिवार ने हमेशा देश के संवैधानिक पदों की गरिमा को ठेस पहुंचाई है, इससे पहले भी कॉंग्रेस ने महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू  जी का भी अपमान किया था। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की कैबिनेट द्वारा पास ऑडिनेंस को प्रेस के सामने फाडक़र राहुल गांधी ने पूर्व में भी अपनी ही सरकार के प्रधानमंत्री का घोर अपमान किया है। भाजपा इस कृत्य की घोर निंदा करती है।

भाजपा नगर मंडल अंबिकापुर अध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला ने कहा कि कॉंग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सदन परिसर में उपराष्ट्रपति का अपमान कर लोकतंत्र को कलंकित करने का काम किया है, उन्हें तत्काल अपने कृत्य के लिए माफी माँगनी चाहिए।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिला महामंत्री अभिमन्यु गुप्ता, भारत सिंह सिसोदिया, प्रशांत त्रिपाठी, अंबिकेश केशरी, राजकुमार बंसल, त्रिलोक कपूर कुशवाहा सहित अन्य पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट